प्रतापगढ़ DM-SP ने मेधावी छात्रों को किया सम्मानित: यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई के 200 छात्रों को मिला सम्मान
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ के जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। यह सम्मान समारोह 24 मई 2026 को बाबागंज स्थित तुलसी सदन हॉल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की वर्ष 2026 की इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले लगभग 200 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर प्रशांत राज, अन्य अधिकारीगण, अध्यापकगण, छात्र-छात्राओं के अभिभावक, आयोजकगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने छात्र-छात्राओं को कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर अग्रसर रहने हेतु प्रेरित किया। वहीं, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ जीवन में सफलता प्राप्त करने का संदेश दिया। उन्होंने साइबर जागरूकता एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने की भी अपील की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों हेतु एक प्रेरणादायक सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें करियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।