पंपिंग सेट के कमरे में मिला युवक का शव: प्रतापगढ़ में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया, पुलिस जांच में जुटी

पंपिंग सेट के कमरे में मिला युवक का शव: प्रतापगढ़ में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया, पुलिस जांच में जुटी

 

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ के रानीगंज थाना क्षेत्र के पूरेचरन (जगदीशपुर) गांव में रविवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय आदर्श पाण्डेय के रूप में हुई है, जो संतोष पाण्डेय के बेटे थे। संतोष पाण्डेय खेती-बाड़ी करते हैं। आदर्श के चार बेटों में से तीन बाहर शहरों में निजी कंपनियों में कार्यरत हैं। आदर्श कुछ दिन पहले मुंबई से घर आया था क्योंकि घर में निर्माण कार्य चल रहा था। लिंटर पड़ने के बाद उसे एक-दो दिन में वापस लौटना था। परिजनों के अनुसार, शनिवार रात आदर्श ने घर पर खाना खाया और हमेशा की तरह घर के पास बने पंपिंग सेट के कमरे में सोने चला गया। रविवार सुबह जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आया, तो परिजनों ने जाकर देखा। वहां आदर्श का शव रस्सी के सहारे फंदे से लटकता मिला।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आदर्श की हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। रानीगंज थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।