गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में कुत्ते को खाना खिलाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पड़ोसियों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद मारपीट तक पहुंच गया, जिसमें एक पक्ष के लोगों को लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया गया। मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 28 अप्रैल की रात मंझरिया बिस्टौल इलाके में कुत्ते को खाना खिलाने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई थी। आरोप है कि विवाद के दौरान नेहा, अंजली और अन्य लोगों ने मिलकर वादी पक्ष के परिजनों पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना रामगढ़ताल में मुकदमा संख्या 244/2026 दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष रामगढ़ताल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नेहा पुत्री राजकुमार और अंजली पत्नी लहरी, निवासी मंझरिया बिस्टौल, थाना रामगढ़ताल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।
Post Views: 16