थाना लालगंज में 37 नवागत आरक्षियों का भव्य स्वागत, सुरक्षा व सुशासन को लेकर जताया भरोसा
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। राष्ट्रसेवा, संविधान के प्रति निष्ठा और जनसुरक्षा के संकल्प के साथ थाना लालगंज में 37 नवागत आरक्षियों—जिनमें 28 पुरुष और 9 महिला शामिल हैं जिनका भव्य स्वागत किया गया। पुष्पमालाओं एवं मिठाई के साथ उनका अभिनंदन करते हुए उपस्थित जनों ने विश्वास व्यक्त किया कि ये युवा प्रहरी क्षेत्र में सुरक्षा, संवेदनशीलता और सुशासन की नई ऊर्जा लेकर आएंगे।
कार्यक्रम में स्वागत का माहौल उत्साहपूर्ण रहा। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने नवागत आरक्षियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जनता के बीच विश्वास कायम करना भी है, जो संवेदनशील व्यवहार और निष्पक्ष कार्रवाई से ही संभव है।
इस अवसर पर सीडीए एकेडमी मथौली की डायरेक्टर डॉ. अरुणा सिंह पाल ने विशेष रूप से महिला आरक्षियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महिला पुलिसकर्मियों की भूमिका आज के समय में और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने सभी आरक्षियों से आधुनिक सोच, तकनीकी दक्षता और जनसंवेदनाओं के प्रति सजग रहते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
वरिष्ठ भाजपा नेता इंजीनियर अरविंद पाल ने कहा कि “नव नियुक्त आरक्षी पुलिस विभाग की नई ताकत हैं। उनसे अपेक्षा है कि वे ईमानदारी, निष्ठा और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। जनता की सुरक्षा और विश्वास को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करना ही उनकी असली पहचान बनेगी। युवा ऊर्जा के साथ वे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करेंगे।”
सीडीए एकेडमी की निदेशक डॉ. अरुणा सिंह पाल ने कहा कि “पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का सशक्त माध्यम है। हर आरक्षी को चाहिए कि वह संवेदनशीलता, अनुशासन और कठोर निर्णय क्षमता के साथ कार्य करे। विशेष रूप से महिला आरक्षियों से अपेक्षा है कि वे समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएं।”
कार्यक्रम के अंत में सभी नव नियुक्त आरक्षियों को शुभकामनाएँ दी गईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। उपस्थित लोगों ने विश्वास जताया कि ये युवा पुलिसकर्मी क्षेत्र में सुरक्षा और विश्वास का नया वातावरण स्थापित करेंगे।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक विनय पाठक,उपनिरीक्षक बृषकेतू सिंह,देवब्रत शर्मा,विवेकानंद शुक्ल, रविचन्द पाण्डेय,अमरेश पाल,अतुल पाल,आदित्य पाल,अश्वनी पाल, रितेश पाल आदि रहे।