बाल विवाह रोकने को विभागों में बेहतर समन्वय पर जोर
शिवपुर में अंतर्विभागीय समन्वय समिति की तृतीय बैठक में स्वास्थ्य सूचकांकों की हुई समीक्षा
50 गांवों में मोबाइल वैन से चलेगा जागरूकता अभियान
बहराइच 16 सितंबर। बाल विवाह रोकने, किशोर-किशोरियों की शिक्षा को बढ़ावा देने और सही उम्र में विवाह व गर्भधारण के साथ मातृ-शिशु स्वास्थ्य में सुधार के लिए विभागों के बीच समन्वय बढ़ाया जाएगा। बुधवार को शिवपुर में उम्मीद परियोजना के तहत ब्लॉक स्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय समिति की तृतीय बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, आईसीडीएस और एनआरएलएम समेत विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने इस दिशा में संयुक्त प्रयास पर चर्चा की।
बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी आलोक कुमार वर्मा ने की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर के अधीक्षक डॉ. चंद्रभान राम बैठक के संयोजक रहे। बैठक में स्वास्थ्य सूचकांकों के साथ परिवार नियोजन साधनों की उपलब्धता और उपयोग की स्थिति की समीक्षा की गई। खंड विकास अधिकारी आलोक कुमार वर्मा ने विभागीय समन्वय के साथ समुदाय तक जागरूकता संदेश पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने बाल विवाह रोकने, बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने और मातृ-शिशु स्वास्थ्य में सुधार के लिए सभी विभागों को अपनी भूमिका के साथ मिलकर काम करने की बात कही।
बैठक में पापुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया एवं मोबियस फाउंडेशन के वित्तीय सहयोग से संचालित उम्मीद परियोजना के तहत जागरूकता गतिविधियों की जानकारी भी साझा की गई। पापुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के जिला प्रतिनिधि रामबरन यादव ने बताया कि शिवपुर ब्लॉक के 50 गांवों में मोबाइल वैन के माध्यम से बाल विवाह, किशोर-किशोरी स्वास्थ्य, सही उम्र में विवाह, उचित उम्र में गर्भधारण और दो बच्चों के बीच उचित अंतराल सहित अन्य विषयों पर जागरूकता गतिविधियां संचालित करने की कार्ययोजना बनाई गई है।
इस दौरान प्रतिभागियों के समक्ष ‘इतनी भी क्या जल्दी है’ और ‘देश बदलेगा जब मर्द बदलेगा’ अभियान से जुड़ी एनिमेटेड फिल्म, जिंगल और रील्स का प्रदर्शन भी किया गया। इनके माध्यम से कम उम्र में विवाह और लैंगिक भूमिकाओं से जुड़े सामाजिक व्यवहार में बदलाव का संदेश दिया गया। बैठक के दौरान बाल विवाह रोकने, बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार के लिए सामूहिक शपथ भी दिलाई गई। खंड विकास अधिकारी आलोक कुमार वर्मा ने विभागों के बीच समन्वय के साथ समुदाय तक जागरूकता संदेश पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग, आईसीडीएस, एनआरएलएम, शिक्षा विभाग, पत्रकारों तथा पापुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के जिला प्रतिनिधि मौजूद रहे।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः