अकबरपुर कोतवाली में थाना समाधान दिवस आयोजित, डीएम व एसपी ने सुनीं शिकायतें, दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
अम्बेडकरनगर । शासन के निर्देशानुसार जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ शनिवार को आयोजित किए जाने वाले थाना समाधान दिवस के क्रम में आज थाना कोतवाली अकबरपुर में थाना समाधान दिवस नवागत जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह की उपस्थिति में आयोजित किया गया।
थाना समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित जनसामान्य की समस्याओं को एक-एक कर गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया। संबंधित प्रकरणों के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने राजस्व सम्बन्धी शिकायतों में आवश्यकतानुसार राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर उभय पक्षों की उपस्थिति में विवाद का स्थाई एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी अकबरपुर श्रीमती प्रतीक्षा सिंह, क्षेत्राधिकारी पुलिस नीतीश कुमार तिवारी, खंड विकास अधिकारी अकबरपुर/अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद अकबरपुर विशाल सारस्वत सहित अन्य संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।