अच्छे विचार और संस्कार से बनता है व्यक्तित्व: नीलम साध्वी

अच्छे विचार और संस्कार से बनता है व्यक्तित्व: नीलम साध्वी

 

बस्ती। श्री धाम अयोध्या से पधारी कथा वाचक नीलम साध्वी ने कहा कि अच्छे विचार, आदतें, आचरण और नैतिक गुण ही व्यक्ति के चरित्र का निर्माण करते हैं। वह महराजगंज स्थित हनुमान मंदिर पर चल रहे नौ दिवसीय सीताराम यज्ञ एवं श्री राम कथा के छठे दिन भक्तों को संबोधित कर रही थीं।साध्वी जी ने कहा कि संस्कार ही हमें सही और गलत में अंतर करना सिखाते हैं और एक अच्छा इंसान बनाते हैं। उन्होंने नैतिक संस्कारों में सच बोलना और ईमानदारी, सामाजिक संस्कारों में बड़ों का सम्मान और दूसरों की मदद, धार्मिक संस्कारों में पूजा-पाठ व आस्था, तथा व्यक्तिगत संस्कारों में अनुशासन, मेहनत और धैर्य को महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि व्यक्ति के संस्कार परिवार, गुरु, समाज और संगति से विकसित होते हैं। अच्छे और बुरे संस्कार का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि किसी की मदद करना अच्छा संस्कार है, जबकि झूठ बोलना बुरा संस्कार है।

साध्वी जी ने कहा कि अच्छा आचरण व्यक्ति के जीवन को सफल, सम्मानित और सुखी बनाता है। नम्र और ईमानदार व्यक्ति को समाज में मान-सम्मान मिलता है और उसके रिश्ते मजबूत होते हैं। उन्होंने कहा कि सही व्यवहार से मन को शांति मिलती है और जीवन में सफलता के रास्ते खुलते हैं।उन्होंने आगे कहा कि अच्छे आचरण वाले व्यक्ति को कठिन समय में भी समाज का सहयोग मिलता है, क्योंकि लोग उस पर भरोसा करते हैं। अच्छा चरित्र व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी है और ऐसा व्यक्ति समाज में सकारात्मक प्रभाव छोड़ता है।अंत में उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की भक्ति जीवन को नई दिशा देती है और मन में शांति का संचार करती है।

इस अवसर पर आयोजक धर्मदास शास्त्री, दीपक शास्त्री, सज्जन शास्त्री, लोक गायिका गौरी पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि हनुमान मंदिर में चल रहे इस धार्मिक आयोजन में आसपास के सैकड़ों श्रद्धालु प्रतिदिन भाग ले रहे हैं।