सीबीएसई हाईस्कूल में सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल का शानदार प्रदर्शन, विनायक मिश्रा बने टॉपर

सीबीएसई हाईस्कूल में सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल का शानदार प्रदर्शन, विनायक मिश्रा बने टॉपर

 

टॉप टेन में बनाई जगह, मेधावियों का फूल-मालाओं व मिठाइयों से हुआ सम्मान

 

निःशुल्क टैबलेट वितरण और 24 अप्रैल से नई कक्षाओं की घोषणा

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर। सीबीएसई बोर्ड द्वारा हाईस्कूल परीक्षा परिणाम घोषित होते ही जनपद के प्रतिष्ठित सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न केवल स्कूल बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। कई मेधावियों ने ‘टॉप टेन’ में स्थान बनाकर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया।

 

विद्यालय के छात्र विनायक मिश्रा ने 94.6% अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं रितिका ने 94.4% अंकों के साथ दूसरा और स्वाति चौरसिया ने 94.2% अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा आंचल सिंह, अंशिका चौधरी और अंश कुमार ने भी उत्कृष्ट अंक हासिल कर विद्यालय की उपलब्धियों में चार चांद लगाए।

 

इस शानदार सफलता पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां प्रबंधक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, प्रबंध निदेशिका सविता चतुर्वेदी और प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने मेधावी छात्र-छात्राओं को फूलमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

 

इस अवसर पर प्रबंधक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत और अनुशासन ही सफलता की कुंजी है। प्रबंध निदेशिका सविता चतुर्वेदी ने छात्रों की मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी विद्यालय के छात्रों ने शानदार परिणाम दिए हैं।

 

उन्होंने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि हाईस्कूल उत्तीर्ण सभी छात्र-छात्राओं के लिए 24 अप्रैल से नई कक्षाएं प्रारंभ की जाएंगी। साथ ही विद्यालय की परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी दसवीं पास करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को निःशुल्क टैबलेट वितरित किए जाएंगे, जिससे उनकी आगे की पढ़ाई में सहायता मिल सके।