
पत्रकार एकता राष्ट्रीय हित में समर्पित – संस्थापक राहुल सिंह
बस्ती के बड़ेवन क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर का भव्य आयोजन उस समय ऐतिहासिक बन गया, जब राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ के तत्वावधान में संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा प्रेस क्लब उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिंह के नेतृत्व में रविवार शाम पत्रकार एकता सम्मेलन, सम्मान समारोह, प्रतिभोज एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन अत्यंत भव्यता और गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न जनपदों से सैकड़ों पत्रकारों, समाजसेवियों, साहित्यकारों और गणमान्य व्यक्तियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जय सिंह आई आई एस,(सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार) ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने का कार्य करता है और पत्रकारों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने पत्रकारों को निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित जिला सेवायोजन अधिकारी एवं जिला प्रभारी सूचना अधिकारी अवधेश प्रताप वर्मा ने सरकार की विभिन्न योजनाओं और पत्रकारों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। समाजसेवी चांदनी चौधरी ने भी पत्रकारों के योगदान की सराहना करते हुए महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। अयोध्या से पधारे महंतों ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम का कुशल संचालन विनोद उपाध्याय द्वारा किया गया, जिन्होंने अपने ओजस्वी शब्दों और प्रभावशाली शैली से पूरे आयोजन को जीवंत बनाए रखा। संचालन के दौरान उन्होंने काव्य प्रस्तुति भी दी, जिसमें बस्ती की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का सुंदर चित्रण कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
कवि सम्मेलन इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आए कवियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से श्रोताओं का दिल जीत लिया। दीपक सिंह प्रेमी ने जोशीली और देशभक्ति से ओतप्रोत कविताओं के माध्यम से युवाओं में ऊर्जा का संचार किया। डॉ. अफजल हुसैन ने वर्तमान पत्रकारिता की चुनौतियों और संघर्षों पर आधारित प्रभावशाली रचना प्रस्तुत कर सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया। कवि कांजी अनवर (पारसा) एवं महिला कवयित्री अर्चना श्रीवास्तव ने प्रेम, सामाजिक एकता और मानवीय मूल्यों पर आधारित रचनाओं से वातावरण को भावनात्मक बना दिया।
वरिष्ठ अंतर्राष्ट्रीय कवि डॉ. राम कृष्ण लाल ‘जगमग’ ने अपने काव्य के माध्यम से आयोजकों, अतिथियों एवं पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता का संदेश देते हैं। उनकी प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ के मंच से उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पद पर मान्यता प्राप्त पत्रकार फूलचंद चौधरी को मनोनीत किए जाने की घोषणा की गई, जिसका उपस्थित पत्रकारों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम में रूवी अवस्थी (प्रदेश मंत्री, प्रेस क्लब उत्तर प्रदेश) अयोध्या से सैकड़ों साथियों के साथ पहुंचीं। उनके साथ रूवी सोनी, विशाल साहू सहित अनेक पत्रकारों की उपस्थिति ने आयोजन को और भव्य बना दिया।
कार्यक्रम की सफलता में अभिषेक गौतम (जिलाध्यक्ष बस्ती), विंध्यवासिनी यादव (जिलाध्यक्ष संतकबीरनगर), राकेश यादव (मंडल अध्यक्ष), मंडल उपाध्यक्ष नसीम, मंडल संगठन मंत्री पंकज कुमार, जिला कोषाध्यक्ष अब्दुल कलाम सहित समस्त पदाधिकारियों का सराहनीय योगदान रहा।
इसके अलावा वरिष्ठ पत्रकार रघुवेंद्र त्रिपाठी, लवकुश यादव, अनुराग श्रीवास्तव, अनिल पांडेय, नीरज कुमार, आनंद कुमार, राहुल पटेल, राजेश यादव, गणेश अग्रहरि, दुर्गेंद्र कुमार, राजेश कुमार, इंद्रसेन गौतम, प्रशांत सिंह, समाजसेवी लक्ष्मी गुप्ता (प्रधान मोहना खोर), सुनील पांडेय सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी लोगों का मन मोह लिया। चन्द्रभान सिंह इंटर कॉलेज, इबहारा गौर (बस्ती) के छात्र-छात्राओं द्वारा “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” विषय पर प्रस्तुत नाटक ने समाज को जागरूक करने का सशक्त संदेश दिया और खूब सराहना बटोरी।
अंत में आयोजक राहुल सिंह द्वारा सभी अतिथियों, पत्रकारों, कवियों, पदाधिकारियों एवं प्रतिभागी बच्चों को मंच से सम्मानित करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। अपने समापन संबोधन में उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारों की एकता और सम्मान के लिए ऐसे आयोजन आगे भी निरंतर किए जाते रहेंगे।
मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों ने आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए इसे पत्रकार एकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और आयोजक मंडल को शुभकामनाएं दीं।