पहलवान कृपाल दास महाराज की नौवीं पुण्यतिथि पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, जयपुर से विशेष रूप से पहुंची शिष्या

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या चरण पादुका आश्रम में ब्रह्मलीन पहलवान कृपाल दास महाराज की नौवीं पुण्यतिथि मंगलवार को अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर देश के कोने-कोने से पहुंचे संत समाज और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने आश्रम में एकजुट होकर गुरु महाराज के चरणों में नमन किया।
अनुष्ठान के दौरान पूरा आश्रम परिसर “जय श्री सीताराम” के अलौकिक जयकारों से गूंज उठा। इस भव्य आयोजन में शामिल होने के लिए विशेष रूप से जयपुर से पहुंची महाराज जी की शिष्या स्नेह गोटेवाला ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपने भावपूर्ण अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि पहलवान जी महाराज का स्वरूप और उनका आशीर्वाद ऐसा है जिसे कोई भी कभी भुला नहीं सकता; वे आज भी साक्षात रूप से हम सभी के बीच महसूस होते हैं। उन्होंने भावुक होकर प्रार्थना की कि महाराज जी का सानिध्य और आशीर्वाद सदा हम पर बना रहे,जिससे हमें निरंतर संत-महात्माओं का प्रसाद प्राप्त होता रहे। पुण्यतिथि के इस पवित्र अनुष्ठान के अंत में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसे पाकर सभी ने अपने जीवन को धन्य माना।