पूर्व मंत्री और मिथिलेश यादव ‘सोनू पार्षद’ ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर दी भावांजलि
महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। भारतीय संविधान के शिल्पकार, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती की पूर्व संध्या पर अयोध्या के मोहबरा बाजार स्थित पार्षद निवास पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्ड संख्या 23 (सरदार पटेल नगर) के पार्षद मिथिलेश यादव उर्फ सोनू पार्षद ने की।
पुष्पांजलि और नमन कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर किया गया। पूर्व मंत्री पवन पांडेय और सोनू पार्षद ने डॉ. अंबेडकर के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उन्हें आधुनिक भारत का निर्माता बताया संविधान की रक्षा का संकल्प उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ने कहा कि बाबा साहेब ने दुनिया का सबसे बेहतरीन संविधान हमें दिया है, जो हर नागरिक को समानता और न्याय का अधिकार देता है। उन्होंने जोर देकर कहा आज के समय में बाबा साहेब के ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ के नारे को आत्मसात करने की सबसे अधिक आवश्यकता है। उनके बनाए हुए संविधान पर चलकर ही हम एक न्यायपूर्ण समाज की स्थापना कर सकते हैं। हमें एकजुट होकर संविधान की मर्यादाओं की रक्षा करनी होगी। मिथिलेश यादव का संबोधन पार्षद मिथिलेश यादव ‘सोनू पार्षद’ ने कहा कि बाबा साहेब केवल एक समुदाय के नहीं बल्कि पूरी मानवता के मसीहा थे। उन्होंने समाज के वंचित और शोषित वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने सरदार पटेल नगर वार्ड-23 की जनता का आभार व्यक्त करते हुए सभी से बाबा साहेब के आदर्शों को अपने व्यक्तिगत जीवन में उतारने की अपील की।
कार्यक्रम सोमवार शाम 4 बजे से आयोजित इस भव्य समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बाबा साहेब को नारी मुक्तिदाता, महान समाज सुधारक और महानतम अर्थशास्त्री के रूप में याद किया। इस दौरान ‘जय भीम-जय भारत’ के नारों से पूरा परिसर गुंजायमान रहा।