प्रतापगढ़ में बिना मान्यता स्कूल पर जुर्माना: बीएसए ने लगाया 1 लाख का जुर्माना, 15 दिन में राशि जमा करने का निर्देश
प्रतापगढ़ के बिहार ब्लॉक क्षेत्र में बिना मान्यता संचालित एक पब्लिक स्कूल पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई स्कूल द्वारा पूर्व में जारी चेतावनी नोटिसों को नजरअंदाज कर संचालन जारी रखने के बाद की गई है। भिटारा नहर के पास स्थित इस विद्यालय को पिछले शिक्षा सत्र में ही अधिकारियों द्वारा संचालन बंद करने के निर्देश दिए गए थे। स्कूल प्रबंधन ने इन आदेशों की अनदेखी करते हुए विद्यालय का संचालन जारी रखा। इस वर्ष दोबारा शिकायत मिलने पर 26 मार्च को खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) वंशीधर पांडेय ने विद्यालय की जांच की। जांच में पाया गया कि स्कूल बिना किसी वैध मान्यता के चल रहा था। मौके पर मान्यता से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिले। बीईओ ने इसकी रिपोर्ट बीएसए को भेजी बीईओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने विद्यालय संचालक पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया। जुर्माने की राशि 15 दिनों के भीतर लेखा शिक्षा अधिकारी के खाते में जमा कराने का निर्देश दिया गया है। समय पर जुर्माना जमा न करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना मान्यता के स्कूल संचालन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अन्य बिना मान्यता वाले विद्यालयों पर भी दबाव बढ़ा है।