सीएचसी के बीपीएम 50 हजार घूस लेते गिरफ्तार: स्वीपर भर्ती के नाम पर डेढ़ लाख रुपए मांगे थे, विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ पकड़ा
प्रतापगढ़ में विजिलेंस टीम प्रयागराज ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने सीएचसी बाघराय के ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम) अमित मिश्रा को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। उन पर स्वीपर भर्ती के नाम पर डेढ़ लाख रुपये मांगने का आरोप है। विजिलेंस टीम ने अमित मिश्रा को उनके कार्यालय से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद टीम उन्हें प्रयागराज ले गई। यह कार्रवाई पीड़ित की शिकायत पर की गई थी। पीड़ित ने विजिलेंस टीम प्रयागराज से शिकायत की थी कि बीपीएम अमित मिश्रा स्वीपर की भर्ती के लिए उससे डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।रिश्वत की पूरी रकम मिलने पर ही भर्ती करने का आश्वासन दिया जा रहा था। शिकायत के बाद आज दोपहर 2 बजे करीब बजे 8 सदस्यीय विजिलेंस टीम प्रतापगढ़ के बाघराय सीएचसी पहुंची। जैसे ही पीड़ित ने अमित मिश्रा को 50 हजार रुपये दिए, टीम ने उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया।इस कार्रवाई से सीएचसी बाघराय में हड़कंप मच गया। सीएचसी के अन्य स्वास्थ्य कर्मियों और अधिकारियों ने पहले टीम से पूछताछ करने की कोशिश की, लेकिन विजिलेंस टीम का पता चलते ही वे पीछे हट गए। अमित मिश्रा पिछले चार सालों से बाघराय सीएचसी में तैनात थे।