प्रदेश की 9 वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित विकास पुस्तिका का प्रभारी मंत्री ने किया विमोचन
उत्तर प्रदेश के नवनिर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित हुई प्रेस-वार्ता
बहराइच 26 मार्च। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के नवनिर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में 18 से 26 मार्च 2026 तक आयोजित समारोह के अन्तिम दिन कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता से पूर्व प्रदेश के मा. मंत्री कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग/प्रभारी मंत्री जनपद बहराइच श्री सूर्य प्रताप शाही ने विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, विधायक सदर श्रीमती अनुपमा जायसवाल, नानपारा के राम निवास वर्मा, एम.एल.सी. डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, पूर्व सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, अपना दल के जिलाध्यक्ष गिरीश पटेल, विधायक बलहा श्रीमती सरोज सोनकर के प्रतिनिधि आलोक जिंदल, सहित अन्य जनप्रतिनिधि व पार्टी पदाधिकारी, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र के साथ प्रदेश सरकार की 9 वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका का विमोचन किया।
मीडिया प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए प्रभारी मंत्री श्री शाही ने उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता की सेवा के संकल्प के 09 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेशवासियों का आभार ज्ञापित किया। श्री शाही ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विजन के साथ सुरक्षा, सुशासन और विकास की नई यात्रा में मा. मुख्यमंत्री के नेतृत्व ने आज उत्तर प्रदेश नए भारत के नए उत्तर प्रदेश के रूप में देश के सामने एक मॉडल के रूप में उभरा है। प्रदेश की अर्थ व्यवस्था में भी गुणात्मक वृद्धि हुई है। प्रदेशवासियों की आय में 03 गुना वृद्धि हुई है। वर्ष 2029-30 तक उत्तर प्रदेश की अर्थ व्यवस्था को वन ट्रिलियन डालर बनाये जाने का लक्ष्य है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि बीते 09 वर्ष में उत्तर प्रदेश ने अराजकता से व्यवस्था, निराशा से विश्वास, बीमारू से विकासशील की ऐतिहासिक यात्रा तय की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के निर्णायक, पारदर्शी और परिणाममुखी नेतृत्व के परिणामस्वरूप आज पूरा देश हमारे राज्य उत्तर प्रदेश को देख रहा है, सीख रहा है, प्रेरणा ले रहा है। कानून का राज, पारदर्शी नीति व प्रशासन, अंतिम व्यक्ति तक लाभ की गारंटी के कारण उत्तर प्रदेश मात्र घोषणाओं का नहीं, बल्कि परिणामों का प्रदेश के रूप में पहचाना जाता है। योगी सरकार द्वारा अपनाई गई ज़ीरो टालरेन्स नीति के कारण नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा है। माफियाओं का प्रदेश आज महोत्सव प्रदेश के रूप में जाना जा रहा है, आज बच्चों के हाथ में टैबलेट और स्मार्टफोन है जिसके सहारे वे अपने भविष्य का निर्माण कर रहे हैं।
प्रभारी मंत्री श्री शाही ने कहा कि कृषि एवं किसान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश में खाद्यान्न उत्पादन 557 लाख मी.टन से बढ़कर वर्तमान में 737 लाख मी.टन हो गया जो कि देश में सर्वाधिक है। गन्ना मूल्य भुगतान की बात की जाये तो प्रदेश सरकार द्वारा 09 वर्षों में रू. 3.15 लाख करोड़ से अधिक गन्ना मूल्य का भुगतान कृषकों को किया गया है। प्रदेश के 3.12 करोड़ किसानों के बैंक खातों में किसान सम्मान निधि के रूप में रू. 99 हज़ार करोड़ से अधिक की धनराशि का अन्तरण किया जा चुका है। किसानों और सरकार की योजनाओं के बीच बिचौलियों की नो इन्ट्री को प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा सभी प्रकार के बीज, खाद एवं कृषि यन्त्रों पर देय अनुदान सीधे किसानों के खातों में अन्तरित किये जा रहे हैं।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 15 करोड़ नागरिकों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। पिछले 9 वर्षों में प्रदेश के छः करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आये हैं। प्रदेश में गरीबों के मुफ्त इलाज के लिए 5.60 करोड़ लोगों को आयुष्मान कार्ड, 9 करोड़ लोगों को आयुष्मान बीमा कवर, 01 कारोड़ निराश्रित महिलाओं, वृद्धजनों, दिव्यांगजनों को प्रतिमाह रू. 01 हज़ार की दर से पेंशन प्रदान की जा रही है जिसे अगले माह से बढ़ाकर रू. 1500 प्रतिमाह किया जा रहा है। प्रदेश में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना अन्तर्गत पात्र परिवारों को लाभान्वित किया गया है। प्रदेश में बेटी के जन्म से स्नातक तक की पढ़ाई के लिए कन्या सुमंगला योजना संचालित की जा रही है। प्रदेश की 1.06 करोड़ महिलाओं को स्वय सहायता समूहों से जोड़ा जा चुका है तथा 18 लाख महिलाएं लखपति दीदी हैं। प्रदेश में सभी क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से आज महिलाएं सुरक्षा से आगे बढ़कर आर्थिक शक्ति बन रही हैं।
प्रदेश में सशक्त कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 2.19 लाख पुलिस कर्मियों की भर्ती की गई है। माफियाओं पर नकेल कसने के लिए माफिया सम्पत्तियों को जब्त/ध्वस्त किया गया है। प्रदेश में अपराधी गैंगों को समाप्त किया गया है। आज प्रदेश में कानून व्यवस्था ही निवेश व विकास का सबसे बड़ा आधार है। बेटी हो या व्यापारी सभी सुरक्षित हैं। शान्तिपूर्ण माहौल के नतीजे में 156 करोड़ से अधिक पर्यटकों का आगमन हुआ है। काशी विश्वनाथ कारीडोर व अयोध्या में विकास कार्य से भी पर्यटन विकास हुआ है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर की बात की जाये तो यूपी में एक्सप्रेस-वे की संख्या 22 होने वाली है। जल्द ही प्रदेश को गंगा एक्सप्रेस-वे का तोहफा मिलने वाला है। प्रदेश में 16 एयरपोर्ट क्रियाशील है साथ ही 08 निर्माणाधीन हैं। प्रदेश को 50 लाख करोड़ से अधिक धनराशि के निजी निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए जिससे 01 करोड़ से अधिक लोगों को रोज़गार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के नवनिर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में आयोजित वृहद रोज़गार मेले के माध्यम से एक हज़ार से अधिक युवक-युवतियों को रोज़़गार उपलब्ध कराया गया है तथा आडिटोरियम में आयोजित विभागीय प्रदर्शनी के माध्यम से आमजनमानस को विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान कर उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः