महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या धाम। नगर निगम अयोध्या धाम के साकेत नगर वार्ड के अंतर्गत आने वाले कृष्णा नगर क्षेत्र में विकास के दावे हवा होते नजर आ रहे हैं। यहां वीआईपी मीट की दुकान के ठीक सामने से मुन्ना के घर तक जाने वाली गली की सड़क की स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है। लंबे समय से उपेक्षा का शिकार इस मार्ग पर जलभराव और कीचड़ के कारण स्थानीय नागरिकों का जीना मुहाल हो गया है। स्थानीय निवासी मुन्ना ने दर्द साझा करते हुए बताया कि जब से वह इस कॉलोनी में रह रहे हैं, तब से यहां किसी भी प्रकार की बुनियादी सुविधा का लाभ नहीं मिल पाया है। सड़क पर जलभराव और कीचड़ की गंभीर समस्या के कारण स्थिति यह है कि उनके बच्चे स्कूल जाते समय कई-कई बार कीचड़ में गिरकर चोटिल हो चुके हैं। गंदगी और कीचड़ का आलम इतना विकराल है कि कई बार बच्चों के लिए स्कूल जाना तक दुर्लभ हो जाता है और वे स्कूल ही नहीं जा पाते हैं। कीचड़ भरी इस सड़क पर पैदल चलना भी जोखिम भरा साबित हो रहा है, जिससे स्कूली बच्चों की पढ़ाई का नुकसान तो हो ही रहा है, साथ ही बुजुर्गों और महिलाओं को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगाई है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। कॉलोनी के लोगों ने जिला प्रशासन और नगर निगम के उच्च अधिकारियों से पुरजोर मांग की है कि इस मुख्य गली का जल्द से जल्द निर्माण कराया जाए और जलभराव की समस्या से निजात दिलाई जाए, ताकि बच्चों का भविष्य और नागरिकों का जीवन सुरक्षित हो सके।