शास्त्री चौक से चार दिशाओं में निकली सेवा ज्योति यात्रा, विकसित भारत का लिया संकल्प

शास्त्री चौक से चार दिशाओं में निकली सेवा ज्योति यात्रा, विकसित भारत का लिया संकल्प

 

लवकुश सिंह संवाददाता अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को शास्त्री चौक पर विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी, जिला प्रभारी सत्येन्द्र सिन्हा, जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, विधायक हर्रैया अजय सिंह, पूर्व विधायक रवि सोनकर, दयाराम चौधरी, नगरपालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता राजेन्द्र नाथ तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक मौजूद रहे।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ ‘वंदे भारत गीत’ से हुआ। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उद्बोधन का सजीव प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के संदेश को ध्यानपूर्वक सुना।

 

सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी ने लोगों को विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक संकल्प है। देश के विकास में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

 

विकसित भारत का संकल्प लेने के बाद सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया गया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ किया गया। शास्त्री चौक से चार अलग-अलग दिशाओं में निकली सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से सेवा, समर्पण, राष्ट्रभक्ति और विकसित भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

 

यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। छात्र-छात्राओं एवं प्रतिभागियों ने भारतीय संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रभक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियां देकर लोगों का मन मोह लिया। संस्कृत कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा और संस्कृति का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर पूरे समय उत्साह और देशभक्ति का माहौल बना रहा।