त्यौहारों के दौरान कानून-व्यवस्था के साथ-साथ आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए-जिलाधिकारी
-त्यौहारों को आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें/यशवीर सिंह
बस्ती। जनपद में नवरात्रि एवं ईद-उल-फितर त्यौहार को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि त्यौहारों के दौरान कानून-व्यवस्था के साथ-साथ आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि सभी प्रमुख अस्पतालों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं सहित अन्य दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखी जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा सके। उन्होने आगामी त्यौहारों की शुभकामना देते हुए जनपदवासियों से अपील किया कि आपसभी लोग त्योहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनायें। बैठक में जो भी समस्याए अवगत करायी गयी है, उसके लिए संबंधित अधिकारियों को निराकरण हेतु निर्देशित कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने नगर निकाय एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि त्यौहारों के दौरान साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंदिरों, मस्जिदों एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास नियमित सफाई अभियान चलाया जाए तथा कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए, जिससे स्वच्छ वातावरण बना रहे। इसके अतिरिक्त विद्युत एवं जलापूर्ति विभाग को निर्देश दिए गए कि निर्बाध सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह ने निर्देश दिया कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए तथा विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा के दृष्टिगत संवेदनशील स्थानों, बाजारों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए। उन्होंने कहा कि गश्ती दलों को सक्रिय रखते हुए छेड़खानी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए।
पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से अपील की कि वे सभी त्यौहारों को आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करें। बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं समन्वय के साथ करने के निर्देश दिए गए, ताकि जनपद में त्यौहार शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण बना रहें। उन्होने कहा कि जुलूस या शोभा यात्रा में किसी प्रकार की भड़काउ या आपत्तिजनक गाना न बजाया जाय। उन्होने यह भी कहा कि संबंधित एसडीएम, क्षेत्राधिकारी पुलिस अपने-अपने क्षेत्र का भ्रमण कर लें।
बैठक में सम्भ्रांत व्यक्तियों ने भी अपना-अपना सुझाव दिया। बैठक में एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, सीएमओ डा. राजीव निगम, एएसपी श्याम कान्त, डीपीआरओ धनश्याम सागर, उप जिलाधिकारी शत्रुघ्न पाठक, मनोज प्रकाश, हिमांशु कुमार, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता, क्षेत्राधिकारी पुलिस सत्येन्द्र भूषण व स्वर्णिमा सिंह, विधायक प्रतिनिधि कप्तानगंज गुलाब चन्द्र सोनकर, सदर के मो. सलीम, डा. वी.के. वर्मा, पत्रकार सरदार जगवीर सिंह, स्कन्द शुक्ला, जीशान हैदर रिजवी, राघवेन्द्र मिश्र, अनुराग श्रीवास्तव, इमरान अली, हरिओम प्रकाश, आशुतोष नरायण मिश्र, चन्द्र प्रकाश शर्मा तथा विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहें।