सुरक्षा और निष्पक्ष चुनाव के लिये मतदान केन्द्र बदलने की मांग
ओबीसी मोर्चा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
बस्ती। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग ओबीसी मोर्चा के मण्डल महासचिव ठाकुर प्रेमनन्दबंशी ने जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन देकर विकास खण्ड हर्रैया स्थित ग्राम पंचायत महादेवा के मतदान स्थल क्रमांक 41 एवं मतदान केन्द्र क्रमांक 40 को प्राथमिक विद्यालय महादेवा से बदलकर पूर्व माध्यमिक विद्यालय महादेवा में स्थानांतरित किए जाने तथा केन्द्र को अतिसंवेदनशील घोषित किए जाने की मांग किया है।
डीएम को सौंपे ज्ञापन में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग ओबीसी मोर्चा के मण्डल महासचिव एवं लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी ठाकुर प्रेमनन्दबंशी ने कहा है कि हर्रैया विकास खण्ड क्षेत्र के ग्राम पंचायत महादेवा में मतदाताओं द्वारा उन्हें अवगत कराया गया कि पूर्व पंचायत चुनावों के दौरान मतदान केन्द्र संख्या-40 एवं मतदान स्थल संख्या-41 प्राथमिक विद्यालय महादेवा में स्थापित किया जाता रहा है। यह विद्यालय वर्तमान समय में जर्जर अवस्था में है, जिससे विशेषकर वृद्ध एवं दिव्यांग मतदाताओं को मतदान स्थल तक पहुँचने एवं मतदान कक्ष में उजाला न होने की दशा में मतदान करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे लोगों का मत भारी मात्रा में अमान्य हो जाता है। साथ ही, पूर्व चुनावों में कुछ दबंग एवं प्रभावशाली व्यक्तियों द्वारा मतदाताओं को प्रभावित करने एवं मतों का खरीद फरोख्त का कार्य भी किया जाता है तथा मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। इससे स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। ग्राम पंचायत महादेवा के निकट स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय महादेवा में पूर्व से ही लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों का मतदान केन्द्र स्थापित किया जाता रहा है। यह विद्यालय स्थान, मतदान कक्ष में उजाला युक्त है और सुविधा एवं सुरक्षा की दृष्टि से अधिक उपयुक्त है, जहाँ वृद्ध, दिव्यांग एवं सामान्य मतदाता बिना किसी कठिनाई के स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। साथ ही साथ मतदान स्थल परिवर्तित न हो इसको ले करके गांव के ही दबंग, प्रभावशाली व्यक्तियों द्वारा कूटरचित तरीके से बिना बताये सादा कागज पर ग्रामवासी का नाम व हस्ताक्षर करके पत्र बनाया गया है, जो प्राथमिक विद्यालय मतदान कक्ष सं0-40 व 41, 35 वर्ष से अधिक पुराना है, जो जर्जर अवस्था में है। जबकि पूर्व माध्यमिक विद्यालय जहां पर लोकसभा विधानसभा का मतदान कक्ष सं0-141 में होता है जो लगभग 20 वर्ष से कम का भवन है।
उन्होने मांग किया कि ग्राम पंचायतों में मतदाताओं के सुरक्षा दृष्टिकोण से आगामी पंचायत चुनाव वर्ष 2026 के लिए मतदान केन्द्र संख्या-40 एवं मतदान स्थल संख्या 41 को प्राथमिक विद्यालय महादेवा से स्थानांतरित कर पूर्व माध्यमिक विद्यालय महादेवा में स्थापित कराने के साथ ही इस मतदान केन्द्र को अतिसंवेदनशील घोषित किया जाए। चुनाव के दौरान सीसीटीवी कैमरा एवं अतिरिक्त सुरक्षा बल की व्यवस्था की जाए, जिससे निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित हो सके।