शारदा सहाय नहर टूटी, हजारों बीघा फसल जलमग्न — किसानों में हाहाकार, जिम्मेदार गायब

शारदा सहाय नहर टूटी, हजारों बीघा फसल जलमग्न — किसानों में हाहाकार, जिम्मेदार गायब

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़। कुंडा कोतवाली क्षेत्र और बाघराय थाना क्षेत्र की सीमा पर कजियाना फूलपुर देवर्पट्टी–शिलावटपुर के बीच शारदा सहाय नहर का तटबंध अचानक टूट गया, जिससे देखते ही देखते इलाके में तबाही का मंजर फैल गया। नहर का पानी तेज़ बहाव के साथ खेतों में घुस गया और किसानों की सैकड़ों बीघा तैयार खड़ी फसल पानी में डूब गई।

बताया जा रहा है कि इस समय नहर में पूरा पानी छोड़ा गया है, जिससे पानी का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है और हालात और भयावह होते जा रहे हैं। खेतों में लहलहाती फसल अब पानी में समा रही है और किसानों की महीनों की मेहनत कुछ ही पलों में बर्बाद होती नजर आ रही है।

मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई है। स्थानीय लोग जेसीबी मशीन लगाकर नहर को बांधने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पानी के तेज बहाव के आगे सभी प्रयास अब तक नाकाम साबित हो रहे हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद सिंचाई विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मौके से नदारद हैं। किसानों में जबरदस्त आक्रोश है और लोग इसे विभागीय लापरवाही का नतीजा बता रहे हैं। घटना आज भोर 3 बजे के आसपास की बताई जा रही है।

इलाके में इस घटना से किसानों में हाहाकार मचा हुआ है, जबकि प्रशासन और सिंचाई विभाग की चुप्पी लोगों के गुस्से को और भड़का रही है। किसान तत्काल राहत और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।