बस्ती में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें-डीएसओ

बस्ती में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें-डीएसओ

 

-15 मार्च को 10,242 सिलेंडरों का हुआ वितरण, उपभोक्ताओं से अतिरिक्त सिलेंडर जमा न करने और ऑनलाइन बुकिंग करने की

 

बस्ती। जनपद के गैस उपभोक्ताओं को आश्वस्त करते हुए खाद्य एवं रसद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। विभाग ने कहा है कि गैस की कमी से जुड़ी अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। उपभोक्ता अपने पास उपलब्ध गैस सिलेंडर का सामान्य रूप से उपयोग करें और अनावश्यक रूप से अतिरिक्त सिलेंडर भंडारित करने से बचें।

खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा जारी प्रेस नोट में बताया गया कि गैस समाप्त होने पर उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से नया सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के लिए आईवीआरएस बुकिंग नंबर 7718012345, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के लिए 8454955555 तथा हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के लिए 9222201122 और 9493602222 जारी किए गए हैं। इन नंबरों पर कॉल कर उपभोक्ता अपनी गैस बुकिंग कर सकते हैं।

विभाग ने यह भी बताया कि ऑयल कंपनियों के नियमानुसार पहली बुकिंग के बाद नगरीय क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के बाद ही दूसरी बुकिंग की जा सकती है। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन बुकिंग या ओटीपी से जुड़ी समस्या होने पर उपभोक्ता संबंधित कंपनी के विक्रय अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।

जनपद में इंडियन ऑयल के विक्रय अधिकारी संतोष सोनी, भारत पेट्रोलियम के विक्रय अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह तथा हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के विक्रय अधिकारी आकाश कुशवाहा को उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए नामित किया गया है।

खाद्य एवं रसद विभाग के अनुसार जिले के विभिन्न विकास खंडों में पूर्ति निरीक्षकों की भी तैनाती की गई है, जिनसे उपभोक्ता अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सीधे संपर्क कर सकते हैं। हर्रैया, विक्रमजोत, कप्तानगंज, गौर, दुबौलिया, बस्ती सदर, रामनगर, कुदरहा, बनकटी, बहादुरपुर और साऊंघाट सहित सभी क्षेत्रों के लिए अलग-अलग पूर्ति निरीक्षक नियुक्त किए गए हैं।

प्रेस नोट के अनुसार 15 मार्च 2026 को जनपद में वितरण के लिए 10,242 गैस सिलेंडर प्राप्त हुए, जिन्हें लाभार्थियों में वितरित कर दिया गया। हालांकि 15 मार्च को भारत पेट्रोलियम और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के बॉटलिंग प्लांट बंद होने के कारण 16 मार्च को इन कंपनियों की गैस एजेंसियों पर रिफिल सिलेंडरों की आवक नहीं होगी, जिससे वितरण कार्य प्रभावित रह सकता है। वहीं इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा 16 मार्च को जनपद में लगभग 2,736 गैस सिलेंडरों की आवक संभावित है, जिससे वितरण कार्य जारी रहेगा।

विभाग ने उपभोक्ताओं से विशेष अपील करते हुए कहा है कि वे गैस एजेंसियों पर सिलेंडर लेकर न आएं। भरे हुए सिलेंडर को ले जाते समय किसी प्रकार की दुर्घटना होने की स्थिति में उसकी जिम्मेदारी स्वयं उपभोक्ता की होगी। उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग कराएं और हॉकर के माध्यम से होम डिलीवरी के जरिए गैस प्राप्त करें।

गैस वितरण से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम की भी स्थापना की गई है। यहां राजस्व, खाद्य एवं रसद तथा पुलिस विभाग के कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जो उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहे हैं। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 05542-247128 जारी किया गया है। कंट्रोल रूम के प्रभारी अधिकारी अपर सूचना निदेशक हितेन्द्र कुमार को बनाया गया है।

खाद्य एवं रसद विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें और बिना घबराए अपने गैस सिलेंडर का उपयोग करें। गैस समाप्त होने पर नियमानुसार बुकिंग कर होम डिलीवरी के माध्यम से रिफिल सिलेंडर प्राप्त किया जा सकता है। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि जनपद में गैस की आपूर्ति सामान्य दिनों की तरह सुचारु रूप से जारी है।