लखनऊ में रोहित पाण्डेय का शक्ति प्रदर्शन, हजारों समर्थकों संग सपा में हुए शामिल

लखनऊ में रोहित पाण्डेय का शक्ति प्रदर्शन, हजारों समर्थकों संग सपा में हुए शामिल

 

अखिलेश यादव ने दिलाई सदस्यता, 2027 में बदलाव का किया दावा

 

जितेन्द्र पाठक

 

लखनऊ/संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश की राजनीति में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज होती जा रही है। इसी क्रम में संतकबीरनगर के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी रोहित पाण्डेय ने शनिवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पहुंचकर अपने हजारों समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने उन्हें औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री Shivpal Singh Yadav सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। रोहित पाण्डेय के सपा कार्यालय पहुंचते ही पूरा परिसर नारों से गूंज उठा और समर्थकों का उत्साह देखने लायक रहा।

रोहित पाण्डेय का स्वागत करते हुए अखिलेश यादव ने उनके जुझारू और संघर्षशील व्यक्तित्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि रोहित पाण्डेय के पार्टी में आने से समाजवादी पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलेगी। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि समाजवादी पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चलेगी और 2027 में पूर्ण बहुमत के साथ प्रदेश में सरकार बनाएगी।

वहीं, सदस्यता ग्रहण करने के बाद रोहित पाण्डेय ने मंच से संबोधित करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज सहित प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार से परेशान है और अब बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि जनता का समर्थन समाजवादी पार्टी के साथ है और 2027 में प्रदेश में सत्ता परिवर्तन तय है।

इस अवसर पर संतकबीरनगर से आए हजारों समर्थकों की भारी भीड़ पार्टी कार्यालय में मौजूद रही, जिससे कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह राजनीतिक जोश से भर गया।