सूर्या सीनियर सेकेंड्री स्कूल में नए सत्र के लिए रजिस्ट्रेशन जारी, 11वीं के छात्रों को मिलेगा मुफ्त टैबलेट
प्रवेश परीक्षा के बाद होगा एडमिशन, वार्षिकोत्सव में छात्रों ने दी शानदार प्रस्तुतियां
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। जिले के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान सूर्या सीनियर सेकेंड्री स्कूल, खलीलाबाद में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 1 फरवरी से लगातार जारी है। नए सत्र में प्रवेश लेने के इच्छुक छात्र-छात्राएं विद्यालय पहुंचकर अपना रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार रजिस्ट्रेशन कराने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रवेश परीक्षा में सफल होने वाले छात्र-छात्राओं का ही आगामी कक्षाओं में प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा।
इसी बीच सत्र की समाप्ति पर विद्यालय में गुडलक एवं वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं बोर्ड परीक्षा में शामिल होने जा रहे विद्यार्थियों को विद्यालय परिवार की ओर से शुभकामनाएं और मार्गदर्शन भी दिया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने बताया कि नया शैक्षणिक सत्र समय से और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए विद्यालय परिवार पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने कहा कि बच्चों की नैसर्गिक प्रतिभा को निखारने के लिए विद्यालय नामांकन से लेकर परीक्षा तक सभी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखता है।
उन्होंने आगे बताया कि विद्यालय द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 11वीं कक्षा (फर्स्ट ईयर) में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं को संस्थान की ओर से मुफ्त टैबलेट वितरित किए जाएंगे, जिससे उनकी पढ़ाई और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा मिल सके।
प्रधानाचार्य ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का रजिस्ट्रेशन समय से कराएं, ताकि छात्र-छात्राएं प्रवेश परीक्षा में शामिल होकर नए सत्र में अपना प्रवेश सुनिश्चित कर सकें।