तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार को मारी टक्कर, मौत: मामा के घर आया था युवक, प्रयागराज में इलाज के दौरान तोड़ा दम
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ के रानीगंज थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में घायल हुए 20 वर्षीय युवक आर्यन सिंह की प्रयागराज में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना शनिवार शाम जामताली-बीरापुर रोड पर हुई, जहां एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। आर्यन सिंह पट्टी कोतवाली क्षेत्र के सदहा गांव के निवासी थे और जामताली स्थित अपने मामा के घर आए हुए थे।
जानकारी के अनुसार, ओम प्रकाश सिंह के पुत्र आर्यन सिंह शनिवार को रानीगंज थाना क्षेत्र के जामताली डड़वा गुलाब सिंह स्थित अपने मामा के घर गए थे। वहां वह नवनिर्मित नर्वदेश्वर नाथ मंदिर के शिवलिंग स्थापना प्राण प्रतिष्ठा एवं शोभा यात्रा में शामिल हुए थे। शाम को आर्यन सिंह जामताली डड़वा गांव निवासी शिवम सिंह के साथ जामताली बाजार गए थे। बाजार से लौटते समय, जब दोनों बाइक पर सवार होकर जामताली डड़वा जा रहे थे, तब जामताली पंडितान गांव के गेट के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार पिकअप डाला ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में शिवम सिंह का पैर टूट गया और उन्हें गंभीर चोटें आईं, जबकि आर्यन सिंह के सिर और शरीर में भी गंभीर चोटें लगीं। सूचना मिलने पर जामताली चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप को कब्जे में ले लिया। गंभीर रूप से घायल आर्यन सिंह को तत्काल मेडिकल कॉलेज प्रतापगढ़ में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें एसआरएन मेडिकल कॉलेज प्रयागराज रेफर कर दिया।
परिजन उन्हें आनन-फानन में प्रयागराज ले गए, जहां देर रात डॉक्टरों ने जांच के बाद आर्यन को मृत घोषित कर दिया।आर्यन सिंह अपने दो भाई और एक बहन में सबसे बड़े था पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।