मिल्कीपुर-अयोध्या। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत बसवार कला एवं बसवार खुर्द ग्राम पंचायत के समग्र विकास के लिए बैंक आफ बड़ौदा तथा नाबार्ड ने संयुक्त रूप से पहल शुरू की है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण किसानों, बेरोजगार युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उनकी आय में स्थायी वृद्धि करना है।
सीजेएम नाबार्ड पंकज कुमार ने बताया कि अब तक बैंक ऑफ बड़ौदा और नाबार्ड अलग-अलग योजनाओं के माध्यम से कार्य करते रहे हैं, लेकिन अब दोनों संस्थाएं मिलकर एकीकृत रणनीति के तहत गांव के चहुंमुखी विकास की दिशा में काम करेंगी। ग्राम पंचायत को तीन प्रमुख वर्गोंकृयुवा, महिला और किसानकृमें विभाजित कर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। कार्यक्रम के तहत युवाओं को विभिन्न स्वरोजगार क्षेत्रों में कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद उन्हें बैंकिंग प्रणाली से जोड़कर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे गांव में ही अपना रोजगार स्थापित कर सकें। बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक शैलेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि प्राथमिकता गांव में ही रोजगार सृजन करना है, जिससे युवाओं को दिल्ली या गुजरात जैसे राज्यों में पलायन न करना पड़े। सभी प्रशिक्षण निःशुल्क होंगे तथा स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। किसानों को कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से आधुनिक और वैज्ञानिक खेती का प्रशिक्षण दिया जाएगा। हाइड्रोपोनिक सिस्टम सहित हाईटेक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने की योजना है। अधिकारियों के अनुसार दोनों गांवों में लगभग 650 एकड़ कृषि योग्य भूमि है, जिससे उन्नत तकनीकों के माध्यम से बेहतर उत्पादन और आय संभव है। शैलेंद्र सिंह ने टमाटर उत्पादन का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि गांव में प्रसंस्करण इकाई स्थापित की जाए तो किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल सकता है। इसके साथ ही पशुपालन, दुग्ध संग्रह केंद्र और लघु उद्योगों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। दोनों गांवों में कुल मतदाता लगभग 3700 हैं। पांच वर्षीय समग्र विकास योजना के तहत 350 से 400 करोड़ रुपये तक निवेश की संभावनाएं जताई गई हैं। चालू वित्तीय वर्ष में ही लगभग 100 करोड़ रुपये निवेश का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम के दौरान किसान राम बहोर, राम सूरत और अगनू को 1.90 लाख रुपये तथा हरिराम को 1.72 लाख रुपये के किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि वैज्ञानिक सलाह और वित्तीय सहयोग के माध्यम से ग्रामीणों की आय में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर विनय शर्मा, नीरज सचान, अखिलेश मिश्रा, अजय यादव, संजय प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।