बस्ती में बनेगा यूपी का पहला गरिमा गृह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी उद्घाटन

बस्ती में बनेगा यूपी का पहला गरिमा गृह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी उद्घाटन

 

बस्ती। उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में मंगलवार को एक ऐतिहासिक पहल की शुरुआत होने जा रही है। सकेतपुरी स्थित गरिमा गृह का उद्घाटन प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा किया जाएगा। यह गरिमा गृह प्रदेश का पहला ऐसा केंद्र होगा, जो किन्नर समाज को मुख्य धारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है।

इंदिरा चैरिटेबल सोसायटी के सीईओ ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार की पहल पर किन्नर समाज के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए गरिमा गृह का निर्माण कराया जा रहा है। इस केंद्र के माध्यम से किन्नर समुदाय को सम्मानजनक जीवन, सुरक्षा, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे वे समाज में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।

सीईओ ने बताया कि यह उत्तर प्रदेश का पहला गरिमा गृह है, जिसका उद्घाटन स्वयं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल कर रही हैं। इस कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और आयोजन समिति की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में जनपद के प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी और किन्नर समुदाय के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल का हेलीकॉप्टर सुबह लगभग 9:40 बजे एपीएन डिग्री कॉलेज परिसर में उतरेगा। वहां से वे सीधे सकेतपुरी स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगी। सबसे पहले राज्यपाल गरिमा गृह का विधिवत उद्घाटन करेंगी और भवन का निरीक्षण करेंगी। इसके बाद वे सभा स्थल पर पहुंचकर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगी।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल किन्नर समुदाय के प्रतिनिधियों से संवाद भी करेंगी और उनकी समस्याओं व सुझावों को सुनेंगी। किन्नरों के साथ वार्ता के उपरांत राज्यपाल सभा को संबोधित करेंगी और समाज में समानता, सम्मान व स्वावलंबन को बढ़ावा देने पर जोर देंगी।

गरिमा गृह के उद्घाटन को लेकर किन्नर समुदाय में उत्साह का माहौल है। समाज के लोगों का मानना है कि इस पहल से किन्नरों को नई पहचान और अवसर मिलेंगे तथा उन्हें समाज की मुख्य धारा में सम्मानजनक स्थान प्राप्त होगा।