गनेशपुर चैनपुर में पूर्व विधायक दयाराम चौधरी की चौपाल

गनेशपुर चैनपुर में पूर्व विधायक दयाराम चौधरी की चौपाल

 

केंद्रीय बजट 2026-27 के प्रमुख प्रावधानों पर हुई विस्तृत चर्चा

 

विकसित भारत का यह बजट मेल का पत्थर साबित होगा

 

बस्ती: विधानसभा क्षेत्र बस्ती सदर के गनेशपुर चैनपुर में पूर्व विधायक दयाराम चौधरी ने चौपाल लगाकर स्थानीय ग्रामीणों व वार्डवासियों को वित्त वर्ष 2026-27 के केंद्रीय बजट के मुख्य बिंदुओं की विस्तार से जानकारी दी। चौपाल में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे, जहां बजट के प्रावधानों को सरल भाषा में समझाया गया और उनके स्थानीय प्रभावों पर चर्चा की गई।

पूर्व विधायक ने बताया कि केंद्रीय बजट 2026-27 का फोकस विकास, रोजगार सृजन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और बुनियादी ढांचे के विस्तार पर है। बजट में पूंजीगत व्यय बढ़ाकर सड़कों, रेल, बिजली, जलमार्ग और आवास परियोजनाओं को गति देने का प्रावधान किया गया है, जिससे गांव-कस्बों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र के लिए इस बजट में विशेष ध्यान दिया गया है। किसानों की आय बढ़ाने, कृषि से जुड़े स्टार्टअप, भंडारण, सिंचाई और तकनीक आधारित खेती को बढ़ावा देने की योजनाएं शामिल हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि आधारित उद्योगों और मूल्य संवर्धन पर भी जोर दिया गया है, जिससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम मिल सके।

युवाओं और रोजगार के मुद्दे पर बोलते हुए दयाराम चौधरी ने कहा कि बजट में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को बढ़ाया गया है। इससे युवाओं को नई तकनीकों में प्रशिक्षण मिलेगा और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे। शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश बढ़ाकर स्कूल, कॉलेज, हॉस्टल और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि MSME और छोटे व्यापारियों के लिए बजट में सस्ते ऋण, क्रेडिट गारंटी और फंडिंग सपोर्ट की व्यवस्था की गई है, जिससे छोटे उद्योग आगे बढ़ सकें और स्थानीय स्तर पर रोजगार पैदा हो। इसके साथ ही डिजिटल और तकनीकी क्षेत्रों में निवेश से व्यापार को नई दिशा मिलेगी। आगे विधायक दयाराम चौधरी ने कहा

“केंद्रीय बजट 2026-27 एक दूरदर्शी और विकासोन्मुखी बजट है। इसमें किसान, युवा, महिलाएं और छोटे व्यापारी सभी को ध्यान में रखा गया है। बुनियादी ढांचे पर बढ़ा निवेश हमारे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर लाएगा। हमारा प्रयास है कि सरकार की योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर वर्ग को विकास से जोड़ा जाए।”

चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पानी, बिजली और रोजगार से जुड़ी स्थानीय समस्याएं भी रखीं। पूर्व विधायक ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित स्तर पर समाधान कराने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का समापन जागरूकता संदेश और संवाद के साथ हुआ। इस अवसर पर उमेश तिवारी, बालमुकुंद मिश्रा, राकेश पांडेय, संतराज चौहान, शिवनारायन चौधरी (सभासद),दुर्गा प्रसाद चौधरी, जितेंद्र उर्फ गुड्डू (सभासद) धर्मेंद्र यादव, मोनी तिवारी, अर्जुन चौधरी, नंदकिशोर यादव, आशीष चौधरी, उदयभान चौधरी, चंद्रभान चौधरी, राजन पांडेय, करन चौधरी, महेंद्र चौधरी, विनोद चौधरी, अभिषेक चौधरी, महेंद्र चौधरी, लालचन्द चौधरी, देवेन्द्र सहित अन्य सभी लोग उपस्थित रहे।