सूर्या सीनियर सेकेंड्री स्कूल खलीलाबाद में डा उदय प्रताप चतुर्वेदी की उपस्थिति में भव्य गुडलक व फेयरवेल समारोह
डा उदय प्रताप चतुर्वेदी ने नौनिहालों को दिया सफलता मंत्र, संयम और परिश्रम से टॉपर्स बनने का किया आह्वान
डा उदय प्रताप चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में सूर्या के सितारों ने लिया बोर्ड परीक्षा में चमकने का संकल्प
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। जिले के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सूर्या सीनियर सेकेंड्री स्कूल, खलीलाबाद के परिसर में मंगलवार को गुडलक एवं फेयरवेल पार्टी का भव्य और प्रेरणादायक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सम्मान, समर्पण और उत्साह की त्रिवेणी देखने को मिली। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने “हम सूर्या के सितारे हैं, सूरज की तरह बिखेरेंगे जग में रोशनी” की थीम के साथ बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः सुंदरकांड पाठ से हुई, जिसके उपरांत मां सरस्वती एवं संस्थान के संस्थापक स्व. पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया गया। दीप प्रज्वलन सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डा उदय प्रताप चतुर्वेदी, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी, एसआर ग्रुप के चेयरमैन राकेश चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव एवं प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
गुडलक व फेयरवेल समारोह को संबोधित करते हुए डा उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि संस्थान के शिक्षकों ने पूरी निष्ठा और ईमानदारी से विद्यार्थियों को शैक्षणिक रूप से दक्ष बनाया है। अब यह नौनिहालों की जिम्मेदारी है कि वे आगामी बोर्ड परीक्षा में अपनी प्रतिभा और क्षमता को पूरे संयम के साथ उत्तर पुस्तिका के पन्नों पर उतारें और टॉपर्स बनकर शिक्षकों के परिश्रम व अपने परिश्रम को सार्थक करें। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी ने कहा कि बोर्ड परीक्षा केवल एक परीक्षा नहीं बल्कि विद्यार्थियों के जीवन की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण पड़ाव है। ऐसे में नौनिहालों को अपने माता-पिता, शिक्षकों और सूर्या परिवार के विश्वास को बनाए रखते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए।
इस अवसर पर एसआर इंटरनेशनल एकेडमी के मैनेजिंग डायरेक्टर राकेश चतुर्वेदी एवं प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने भी विद्यार्थियों को सफलता के लिए प्रेरित किया। 9वीं और 11वीं के छात्र-छात्राओं ने 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को गुडलक कहते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्कूल प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों को स्टॉल और पेन भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने विविध संस्कृतियों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे आयोजन में शिक्षकों और प्रबंधन का मार्गदर्शन विद्यार्थियों को परीक्षा के प्रति सकारात्मक सोच देने में सहायक रहा। अंत में विद्यार्थियों ने नृत्य के माध्यम से परीक्षा के तनाव से मुक्त होकर स्वयं को तरोताजा किया।
समारोह का सफल संचालन उप प्रधानाचार्य शरद त्रिपाठी ने किया। कार्यक्रम में नितेश द्विवेदी, आशुतोष पांडेय, अशोक चौबे , आरती चौधरी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, व शिक्षिकाएं अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।