राज्यपाल के हाथों सम्मानित होंगे जनपद के कृषक संजीव कुमार गौड़
बहराइच । राज भवन प्रांगण लखनऊ में 06 से 08 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाली प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी के दौरान 06 फरवरी 2026 को मा. राज्यपाल महोदया श्रीमती आनंदीबेन मफतभाई पटेल बागवानी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रदेश के 10 चयनित कृषकों को सम्मानित करेंगी। उत्कृष्ट कार्य के लिए चयनित प्रदेश के 10 कृषकों में देवीपाटन से चयनित जनपद बहराइच के कृषक संजीव कुमार गौड़ को भी सम्मानित किया जायेगा। विकास खण्ड चित्तौरा अन्तर्गत ग्राम मझौवा बुज़ुर्ग निवासी संजीव कुमार गौड़ द्वारा लगभग 30 एकड़ क्षेत्रफल में औद्यानिक फसलों की खेती की जाती है, इसमें इनके द्वारा 25.00 एकड़ क्षेत्रफल में पपीता की खेती की जा रही है।
जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के निर्देशन में आकांक्षी जनपद बहराइच में उप निदेशक कृषि विनय कुमार वर्मा व लिा उद्यान अधिकारी दिनेश चौधरी द्वारा सब्जी व फल की जहर मुक्त खेती एवं फसल की सुरक्षा के लिए एकीकृत जीवनाशी प्रबन्धन तकनीक (आईपीएम) के प्रयोग के लिए संयुक्त रूप से संचालित किये जा रहे जागरूकता अभियान से प्रभावित होकर उच्च शिक्षित कृषक संजीव कुमार गौड़ द्वारा फसल की सुरक्षा के लिए कीटनाशक के स्थान पर एकीकृत जीवनाशी प्रबन्धन तकनीक (आईपीएम) का प्रयोग करते हुए विषमुक्त उत्पादन किया जा रहा है। श्री गौड़ द्वारा फसल की सुरक्षा के लिए एकीकृत जीवनाशी प्रबन्धन तकनीक अन्तर्गत स्टीकी ट्रैप, सोलर लाइट ट्रैप एवं ल्योर का प्रयोग किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि राजभवन प्रांगण, लखनऊ में 06 से 08 फरवरी, 2026 तक आयोजित होने वाली प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में जिला उद्यान अधिकारी के नेतृत्व में वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक पंकज वर्मा एवं जनपद के प्रगतिशील कृषकों द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है। राज्पाल महोदया के हाथों सम्मानित होने के लिए मण्डल से चयनित होने वाले जनपद के कृषक संजीव कुमार गौड़ को डीएम ने बधाई देते हुए कहा कि कृषि प्रधान जनपद बहराइच के दूसरे कृषक भी श्री गौड़ से प्रेरित होकर जहर मुक्त औद्यानिक खेती को अपनायेंगे।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः