अयोध्या।
रामनगरी अयोध्या के तिहूरा माझा क्षेत्र में रहने वाले सुरेश यादव इन दिनों जनसेवा के कार्यों को लेकर खूब चर्चा में हैं। वे लगातार सामाजिक सेवाओं में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। कहीं कंबल वितरण, कहीं भोजन वितरण तो कहीं जरूरतमंदों को साइकिल बांटने का कार्य—हर मोर्चे पर सुरेश यादव बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
अब तक वे हजारों गरीब और जरूरतमंद लोगों को साइकिल वितरित कर चुके हैं। खासकर निर्धन बच्चों, छात्र-छात्राओं और बालिकाओं को साइकिल उपलब्ध कराकर उन्होंने शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक नई राह दिखाई है। लगातार साइकिल वितरण के चलते लोग उन्हें अब “साइकिल मैन” के नाम से जानने लगे हैं।
जब सुरेश यादव से उनकी बढ़ती लोकप्रियता और लोगों के बीच मिल रहे उत्साह को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने विनम्रता से कहा,
“हम रामनगरी में रहते हैं। प्रभु श्रीराम ने अयोध्या से संपूर्ण मानवता को यही संदेश दिया है कि सबको साथ लेकर चलना चाहिए। भगवान ने मुझे जो सामर्थ्य दिया है, उसी के अनुसार मैं लोगों की मदद करता हूं और आगे भी करता रहूंगा।”
सुरेश यादव के समर्थक उन्हें भविष्य में विधायक के रूप में देखने की इच्छा भी जता रहे हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा,
“अगर भगवान ने मौका दिया और सेवा का अवसर मिला, तो मैं निश्चित रूप से और बड़े स्तर पर लोगों की सेवा कर सकूंगा। अभी तक मैं अपने निजी संसाधनों से सेवा कर रहा हूं, लेकिन यदि जनप्रतिनिधि बनने का अवसर मिला तो सरकार के सहयोग से और बेहतर तरीके से जनसेवा कर पाऊंगा।”
सुरेश यादव आज अयोध्या में केवल एक नाम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता की पहचान बनते जा रहे हैं। यही वजह है कि लोग उन्हें अब अयोध्या का नया मसीहा कहने लगे हैं।