अयोध्या: तारा जी रिजॉर्ट में 4 जनवरी को सजेगा ‘साथी समागम’ और ‘PDA प्रहरी सम्मेलन’

 

कवि और शायरों की मौजूदगी में जुटेगा समाजवादियों का कुनबा, पूर्व मंत्री पवन पांडे करेंगे कार्यकर्ताओं का सम्मान

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। समाजवादी पार्टी द्वारा अयोध्या महानगर और अयोध्या विधानसभा का भव्य ‘साथी समागम’ एवं ‘PDA प्रहरी सम्मेलन’ आगामी 4 जनवरी 2026, दिन रविवार को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम शहर के तारा जी रिजॉर्ट में सुबह 11:00 बजे से शुरू होगा। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी इस कार्यक्रम के आयोजक पूर्व विधायक व पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ‘पवन’ हैं।
साहित्यिक रंग में रंगेगा राजनीतिक मंच सपा प्रवक्ता राकेश यादव (एडवोकेट) ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष का सम्मेलन विशेष होगा, क्योंकि इसमें राजनीति के साथ-साथ साहित्य का भी संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में विशिष्ट रूप से प्रसिद्ध कवियों और शायरों को आमंत्रित किया गया है, जो अपनी रचनाओं के माध्यम से कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे।
वरिष्ठ पदाधिकारियों का होगा सम्मान सम्मेलन के दौरान पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ‘पवन’, महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव, विधानसभा अध्यक्ष रक्षा राम यादव और महासचिव हामिद जाफर ‘मीसम’ मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इस मौके पर अयोध्या महानगर, विधानसभा सहित जनपद के वरिष्ठ पदाधिकारियों, नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं का स्वागत व सम्मान किया जाएगा। एकजुटता का आह्वान पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ‘पवन’ ने अपने संदेश में महानगर और अयोध्या विधानसभा के सभी पार्टी पदाधिकारियों, बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और साथियों से अपील की है कि वे भारी संख्या में इस ‘साथी समागम’ का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि यह आयोजन आपसी भाईचारे को मजबूत करने और आने वाली चुनौतियों के लिए रणनीति तैयार करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। समाजवादी पार्टी महानगर इकाई ने कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली हैं और कार्यकर्ताओं में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।