दिल्ली पब्लिक सीनियर स्कूल एवं यूरोकिड्स में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस…….
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। पचपेड़िया रोड स्थित दिल्ली पब्लिक सीनियर स्कूल एवं यूरोकिड्स के परिसर में शिक्षक दिवस का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के पूर्व राष्ट्रपति महान शिक्षाविद् डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने एक साथ मिलकर केक काटा और एक-दूसरे को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान पूरा प्रांगण विद्यार्थियों की करतल ध्वनि और उत्साह से गूंज उठा, जहां बच्चों ने भी अपने प्रिय शिक्षकों को केक खिलाकर उनके प्रति अगाध आदर, प्रेम और कृतज्ञता प्रकट की।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, समूह गान और भाषणों से समां बांध दिया। बच्चों ने शिक्षकों को स्वरचित ग्रीटिंग कार्ड्स व स्मृति चिह्न भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
एकेडमिक इंचार्ज दिव्या पाठक ने कहा की एक शिक्षक की कलम केवल कॉपियां नहीं जांचती, वह आने वाले कल की तकदीर लिखती है। किताबें ज्ञान दे सकती हैं, लेकिन उस ज्ञान को विवेक, चरित्र और संवेदना में बदलने का काम सिर्फ एक शिक्षक ही कर सकता है। शिक्षा केवल अंकों की दौड़ नहीं है, बल्कि बच्चे के भीतर छिपी असीम संभावनाओं को तराशकर उसे एक सशक्त और संवेदनशील इंसान बनाना है। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जीवन हमें यही सिखाता है कि शिक्षक समाज का वह अदृश्य शिल्पी है, जो अपनी तपस्या से एक पूरे राष्ट्र की बौद्धिक और नैतिक नींव तैयार करता है।
वाइस प्रिंसिपल दिनेश त्रिपाठी ने कहा की शिक्षक समाज का वह मौन प्रकाश स्तंभ है जो स्वयं स्थिर रहकर आने वाली पीढ़ियों के मार्ग को आलोकित करता है। अनुशासन, ज्ञान और चरित्र निर्माण की त्रिवेणी से ही एक सशक्त विद्यार्थी का निर्माण होता है। हमारे शिक्षकों का हर दिन का समर्पण, धैर्य और निस्वार्थ प्रयास ही इन मासूम सपनों को देश के सुनहरे भविष्य में बदलता है। इस पावन अवसर पर मैं हर उस शिक्षक के जज्बे को नमन करता हूं जो हर बच्चे की छिपी प्रतिभा को तराशने में जुटा है।”
इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय भूमिका रही।
इस अवसर पर नीलम चौधरी, लक्ष्मी वर्मा, ऋचिका सिंह, अयाज अहमद, नंदिनी गड़िया, आफताब शेख, उत्कर्ष श्रीवास्तव, प्रिया पांडेय, प्रीति मिश्रा, रश्मि शुक्ला, अजमेर सिंह, पूजा दुबे, अर्पिता पांडेय, दीपांजलि, सिया सिंह, उमा त्रिपाठी एवं कल्याणी गुप्ता सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।