बस्ती: उप परिवहन आयुक्त ने आरटीओ कार्यालय का किया औचक निरीक्षण
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) गोरखपुर शिखर ओझा ने शनिवार को संभागीय परिवहन कार्यालय बस्ती का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) माला बाजपेयी उपस्थित रहीं।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ सहायक आशादेवी एवं विनोद श्रीवास्तव को छोड़कर सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए। दोनों कर्मचारी अवकाश पर थे। उप परिवहन आयुक्त ने कार्यालय के विभिन्न पटलों का निरीक्षण करते हुए पटल प्रभारियों की कार्यशैली और कार्यों के निष्पादन की जानकारी ली।
इस दौरान कार्यालय में अपने कार्य के लिए पहुंचे आवेदकों से भी बातचीत की गई। आवेदकों ने कार्यालय की कार्यशैली को संतोषजनक बताते हुए कहा कि वे अपना कार्य स्वयं कराने आए हैं और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
उप परिवहन आयुक्त ने कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का भी जायजा लिया। इसके साथ ही स्वीकृत जनशक्ति के सापेक्ष तैनात कर्मचारियों की समीक्षा की गई। एआरटीओ प्रशासन की ओर से बताया गया कि जनपद में स्वीकृत पदों के सापेक्ष पर्याप्त कार्मिकों की तैनाती नहीं है।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय की साफ-सफाई और रिकॉर्ड रूम का भी जायजा लिया गया। साफ-सफाई व्यवस्था पर उप परिवहन आयुक्त ने संतुष्टि व्यक्त की। उन्होंने एआरटीओ प्रशासन को कार्यालय में चल रहे रंग-रोगन का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्यालय में आने वाली जनता को शासन की मंशा के अनुरूप त्वरित, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।