जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने अकबरपुर नगर में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने अकबरपुर नगर में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

अम्बेडकरनगर।जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह एवं पुलिस बल के साथ अकबरपुर नगर क्षेत्र के रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए सुरक्षा प्रबंधों तथा आमजन की सुविधा का स्थलीय निरीक्षण किया।
पैदल गश्त के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जनसामान्य तथा रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों से संवाद कर उनकी सुरक्षा संबंधी अनुभवों की जानकारी ली। अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस की प्रतिबद्धता से अवगत कराया तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।
अधिकारी द्वय ने संबंधित अधिकारियों को सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्त एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने तथा आमजन की सुरक्षा का विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। पुलिस बल को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।