अयोध्या। अयोध्या कोतवाली पुलिस ने जमीन के सौदे के नाम पर फर्जीवाड़ा और ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में नामजद कुछ आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया है। सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि अयोध्या कोतवाल पुलिस पंकज कुमार सिंह और प्रकरण के विवेचक दर्शननगर चौकी प्रभारी बृजभूषण पाठक की पुलिस टीम ने राम सिंह उर्फ वीरेंद्र पाल सिंह (39)निवासी तिहुरा उपरहार, कोतवाली अयोध्या को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि जमीन के सौदे के नाम पर फर्जीवाड़ा कर धोखाधड़ी के साथ रकम की ठगी के दो मामलों में अयोध्या कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। आरोप था कि अयोध्या क्षेत्र में सस्ते में जमीन दिलाने के नाम पर फर्जीवाड़ा, धोखाधड़ी और ठगी की गई। पकड़े गए राम सिंह उर्फ वीरेंद्र पाल सिंह के खिलाफ पहले से अयोध्या कोतवाली,नगर कोतवाली, थाना कैंट,महाराजगंज और राम जन्मभूमि में विभिन्न मामले दर्ज मिले हैं। जो धोखाधड़ी, कूटरचना,धमकी,अमानत में खयानत,चोरी,मारपीट और अन्य धाराओं से जुड़े में हैं।