आमजन में पुलिस का और विश्वास होगा कायम
धरातल पर सशक्त बनेगा मिशन शक्ति अभियान
बस्ती: जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नवनियुक्त क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिटी, 2023 बैच की आइपीएस मानसी ने कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी प्राथमिकता शहर में पुलिस की दृश्यता (पुलिस विजिबिलिटी) को बढ़ाना और महिला अपराधों के प्रति पूरी तरह जीरो टालरेंस की नीति अपनाना होगी। कार्यभार संभालने के बाद अपनी प्राथमिकताओं को साझा करते हुए सीओ सिटी आइपीएस मानसी ने कहा कि थानों और चौकियों पर आने वाले हर पीड़ित की शिकायत को पूरी गंभीरता से सुना जाए और त्वरित न्याय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मातहत पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील इलाकों और बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि असामाजिक तत्वों में खौफ हो और आम जनता, विशेषकर महिलाओं तथा बुजुर्गों में सुरक्षा का भाव पैदा हो सके।महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ उत्पीड़न, छेड़खानी या किसी भी तरह के अपराध पर पुलिस तुरंत एक्शन लेगी। इसमें किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान को धरातल पर और अधिक सशक्त बनाया जाएगा, जिसके तहत स्कूलों, कालेजों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम निरंतर चलाए जाएंगे। आपातकालीन परिस्थितियों में महिलाओं को तुरंत पुलिस सहायता मुहैया कराने के लिए पीआरवी (पुलिस रिस्पांस वीकल) और एंटी रोमियो स्क्वाड को पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि संदिग्धों की चेकिंग के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। वारंटियों की गिरफ्तारी, अपराधियों की धरपकड़ और रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं। नवनियुक्त सीओ सिटी के तेवर से साफ है कि आने वाले दिनों में अपराधियों और कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा और कसने वाला है।