महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या में आने वाले श्रद्धालुओं और रामभक्तों की सेवा के लिए अध्यक्ष महंत राजेश सिंह मानव उर्फ संत दास के मार्गदर्शन में एक सराहनीय पहल की जा रही है। यहाँ ‘श्री माँ अन्नपूर्णा भोजनालय’ के माध्यम से “नगर में कोई भूखा न रहे” के संकल्प को साकार किया जा रहा है। मात्र 10 रुपये में भोजन
अयोध्या के नया घाट स्थित पुलिस चौकी के बगल में संचालित इस भोजनालय में देशभर से आने वाले भक्तों को मात्र 10 रुपये के सहयोग शुल्क पर सम्मानपूर्वक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। यह सेवा प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात्रि 10 बजे तक निरंतर जारी रहती है।
प्रमुख हस्तियों का मार्गदर्शन
इस पुनीत कार्य में अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी (संरक्षक) और वरिष्ठ समाजसेवी राजू कसौधन (संस्थापक) का भी विशेष सहयोग प्राप्त है। ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना से ओतप्रोत यह भोजनालय न केवल भूख मिटाने का काम कर रहा है, बल्कि अयोध्या की अतिथि देवो भवः की परंपरा को भी सुदृढ़ कर रहा है।
भोजनालय के प्रबंधन से जुड़े मनीष शुक्ला ने बताया कि हमारा मुख्य उद्देश्य मानव सेवा है, ताकि दूर-दराज से आने वाले किसी भी श्रद्धालु को भोजन के लिए परेशान न होना पड़े।