जन समर्पण पार्टी की ‘गौ सम्मान महापदयात्रा’ गोरखपुर से लखनऊ रवाना, तीन प्रमुख मांगों को लेकर हुंकार

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या/ लखनऊ/गोरखपुर जन समर्पण पार्टी के तत्वावधान में गोरखपुर से लखनऊ के लिए ‘गौ सम्मान महापदयात्रा’ का भव्य शुभारंभ किया गया है। इस महापदयात्रा के जरिए पार्टी और उससे जुड़े कार्यकर्ता विभिन्न जनसमस्याओं एवं वैचारिक मुद्दों को लेकर राजधानी लखनऊ की ओर कूच कर रहे हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया और उन्होंने सरकार के सामने अपनी प्रमुख मांगें पुरजोर तरीके से रखीं।यात्रा के दौरान प्रदर्शित किए गए बैनरों और पोस्टरों के माध्यम से मुख्य रूप से तीन बड़ी मांगें सामने आई हैं:
गौमाता संरक्षण और बूचड़खाने बंदी: पार्टी ने प्रदेश और देश में अवैध व वैध बूचड़खानों को तत्काल प्रभाव से पूरी तरह बंद कराने तथा गौ माता को ‘राष्ट्रीय माता’ घोषित करने की पुरजोर मांग उठाई है।कर्मचारी हित और पुरानी पेंशन बहाली: दूसरा प्रमुख मुद्दा कामकाजी वर्ग से जुड़ा है, जिसके तहत पुरानी पेंशन स्कीम (OPS) की बहाली की मांग की गई है। इसके साथ ही, संविदा कर्मचारियों, शिक्षा मित्रों और रसोइयों को नियमित (स्थायी) करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।‘वन नेशन वन एजुकेशन’ और शिक्षा का बाजारीकरण बंद: तीसरे मुद्दे के रूप में ‘वन नेशन वन एजुकेशन’ नीति लागू करने की मांग की गई है। इसके अंतर्गत सरकारी विद्यालयों में LKG से 12वीं तक पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा दिए जाने, प्राइवेट स्कूलों की मनमानी फीस पर रोक लगाने, हर 5 वर्ष पर पाठ्यक्रम (सिलेबस) में बदलाव करने और स्कूल में डोनेशन लेने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग शामिल है। इसके अलावा, पूरे उत्तर प्रदेश में प्राइवेट विद्यालयों की फीस 1,500 रुपए से अधिक न रखने का नियम बनाए जाने की भी मांग की गई है। इस महापदयात्रा के दौरान जन समर्पण पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक चौबे समेत पार्टी के कई अन्य प्रमुख पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर इन जनहित के मुद्दों को जोर-शोर से उठाते नजर आए।