रामनगरी में होगा काशी तमिल समागम…..

 

अयोध्या, 02 दिसम्बर 2025।
काशी तमिल संगमम्–4 का भव्य आयोजन 02 से 17 दिसम्बर 2025 तक प्रस्तावित है। इसी क्रम में 04 से 17 दिसम्बर के बीच अयोध्या जनपद में भी विशिष्ट अतिथियों का आगमन व भ्रमण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन ने इन तैयारियों को लेकर व्यवस्थाएं सुदृढ़ कर दी हैं।

जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय बस स्टेशन के पीछे स्थित श्रीराम ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की गरिमा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
आयोजन के दौरान मजिस्ट्रेट, पुलिस बल तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी कार्यक्रम सकुशल संपन्न हों।

विशिष्ट अतिथियों के समूहों का आगमन अयोध्या में 04, 06, 08, 10, 12, 14 और 16 दिसम्बर 2025 को प्रस्तावित है। इसके लिए प्रशासन ने समयवार रूपरेखा तैयार कर ली है।

इसी बीच श्रीराम ऑडिटोरियम के सीईओ सुशील कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि “ऐसे ऐतिहासिक कार्यक्रम का श्रीराम ऑडिटोरियम में होना हमारे लिए गर्व की बात है। मैं संपूर्ण कार्यक्रम के समापन तक पूरी जिम्मेदारी के साथ डटा रहूंगा। किसी को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका पूरा ध्यान मेरी ‘श्रीराम ड्यूटी टीम’ रखेगी। साथ ही मैं शासन-प्रशासन के अधिकारियों का भी आभार व्यक्त करता हूँ, जिनके सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होगा।”