पटाखा गोदाम से 8 बम और 6 किलो बारूद बरामद: प्रतापगढ़ से आरोपी गिरफ्तार, आतिशबाजी बनाने का करता था काम

प्रतापगढ़ में कंधई पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र के पुरे पांडे के पास स्थित आतिशबाजी पटाखा गोदाम से मो. शोहराब (45) पुत्र मो. इसराइल को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 8 अदद देशी बम, 2 किलो 972 ग्राम काला बारूद पाउडर और 3 किलो 992 ग्राम सिल्वर रंग का बारूद पाउडर बरामद हुआ। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। आरोपी मो. शोहराब को गोदाम से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बम स्वयं बनाता हूं और इन्हें कहीं से नहीं लाया। उसने स्वीकार किया कि गोदाम में रखा गया बारूद बम बनाने के लिए उपयोग किया जाता है। पुलिस ने आरोपी से गोदाम का ताला खोलवाकर अलग-अलग रंग के पाउडर दिखवाए। आरोपी ने बताया कि पकड़ा गया बम भी इन्हीं पाउडरों से तैयार किया गया था। अपराधियों और गोदाम में पाए गए बारूद के संबंध में कंधई पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।