पुलिस महकमें ने ही अकेले दर्ज की भूमि विवाद से जुड़ी 1646 शिकायतें

भूमि विवाद की बढ़ती शिकायतों से लोग परेशान, राजस्व विभाग मौन
शिकायतें दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हाेने से बढ़ रहा अपराध
बस्ती: जनपद में भूमि विवादों की बढ़ती घटनाओं ने आम जनता की परेशानियां बढ़ा दी हैं। राजस्व महकमे की उदासीनता ने हालात को और भी जटिल बना दिया है। आए दिन जमीन के सीमांकन, कब्जा, नामांतरण और बंटवारे को लेकर शिकायतें जिला मुख्यालय पर पहुंच रही हैं। बीते छह माह में अकेले पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 4336 शिकायतें दर्ज की गईं, इनमें सर्वाधिक 1646 प्रकरण अकेले भूमि विवाद से संबंधित रहे हैं। हालांकि सीओ सिटी सत्येन्द्र भूषण तिवारी का कहना कि जन शिकायतों का निस्तारण शासन की मंशा व उच्चाधिकारियों के निर्देश पर किया जा रहा है। पुलिस के पास ज्यादातर शिकायतें भूमि विवाद की आती हैं। इनमें पुलिस को सीमित अधिकार हैं। आम जन से अपील है कि आपसी विवाद से बचें। अपनी समस्या अधिकारियों के पास लेकर जाएं।कानून अपने हाथ में न लें।

भूमि विवाद जैसी संवेदनशील समस्याओं पर अगर प्रशासन समय रहते गंभीरता न दिखाए, तो न केवल जनता का विश्वास कमजोर होता है, बल्कि कानून-व्यवस्था की स्थिति भी बिगड़ सकती है। जरूरत है कि शिकायतों का शीघ्र निपटारा हो और राजस्व विभाग में जवाबदेही तय की जाए।