करंट की चपेट में आने से किसान की मृत्यु

बस्ती: घर में हैंडपंप चलाने गए किसान की करंट की चपेट में आने से मृत्यु हो गई। कप्तानगंज के कोटिया गांव में गुरुवार सुबह 48 वर्षीय किसान उमाशंकर सिंह सुबह बाथरूम से लौटने के बाद टुल्लू पंप से जुड़े हैंड पाइप को चलाने लगे। वह करंट की चपेट में आ गए। मौके पर ही गिर पड़े। आवाज सुनकर उनकी पत्नी निर्मला सिंह मौके पर दौड़ीं शोर मचाया। आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे। तब तक उमाशंकर सिंह की मृत्यु हो चुकी थी। दिवंगत का एकलौता बेटा प्रवीण सिंह नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। स्वजन ने घटना की जानकारी फोन पर दी। गांव में यह दुखद समाचार फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि उमाशंकर सिंह मिलनसार और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे, जो खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे।घटना की सूचना पाकर कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बस्ती भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।