दोस्त की हत्या का खुलासा बहन को अपशब्द कहने पर रेता गला, आरोपी गिरफ्तार

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। अयोध्या पुलिस ने एक जघन्य हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपनी बहन को अपशब्द कहे जाने से गुस्सा होकर अपने ही दोस्त की हँसिया से गला रेतकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त हँसिया, घटना के समय पहने कपड़े और मोबाइल फोन बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत, पूराकलंदर थाना पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की। दिनांक 23 और 24 जून 2025 की रात को ग्राम पलिया गोवा निवासी नागेंद्र प्रसाद यादव (उम्र करीब 40 वर्ष) अपने खेत में पानी लगाने गए थे। सुबह उनका रक्तरंजित शव खेत के पास चारपाई पर पड़ा मिला। मृतक के पिता की तहरीर पर थाना पूराकलंदर में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान, पुलिस ने मृतक के दोस्त विनय कुमार प्रजापति (उम्र करीब 19 वर्ष) को ग्राम पलियो गोवा मोड़ से गिरफ्तार किया। पूछताछ में विनय ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। अभियुक्त विनय कुमार प्रजापति ने बताया कि 23 जून को नागेंद्र प्रसाद यादव उर्फ सोनू ने उसे फोन किया और मुर्गा-दारू के साथ खेत पर आने को कहा। दोनों ने साथ में खाना खाया और सोनू ने शराब पी। बाद में सोनू ने विनय की बहन के बारे में अपशब्दों का प्रयोग किया। इसी बात पर तैश में आकर विनय ने अपने पास रखे हँसिया से सोनू का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद, विनय ने सोनू के पिता को गुमराह करने के लिए फोन करके बताया कि सोनू को खून की उल्टी हुई है और वह बेहोश पड़ा है। पुलिस ने आरोपी विनय कुमार प्रजापति पुत्र राममनोरथ प्रजापति, निवासी ग्राम पलिया गोवा, थाना पूराकलंदर, अयोध्या को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त हँसिया, घटना के समय पहने कपड़े, एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और जलाकर नष्ट किए गए कपड़ों के अवशेष बरामद किए गए हैं। इस सफल गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक अमरेश त्रिपाठी, उपनिरीक्षक शशांक कुमार पाठक समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।