व्हाट्सएप हैक कर उड़ाए गए ₹31 हजार साइबर सेल ने पीड़ित को लौटाए
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। साइबर अपराध के खिलाफ बस्ती पुलिस की कार्रवाई में रुधौली पुलिस एवं साइबर सेल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार पीड़ित के पूरे ₹31 हजार रुपये वापस करा दिए। रुपये वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार जताते हुए कार्रवाई की सराहना की।
पुलिस के अनुसार रुधौली बाजार निवासी इरशाद अहमद के व्हाट्सएप को अज्ञात साइबर अपराधी ने हैक कर लिया था। इसके बाद धोखाधड़ी के जरिए एक APK फाइल डाउनलोड कराई गई और उनके खाते से ₹31,000 रुपये अज्ञात व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। ठगी की जानकारी होने पर पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के दिशा-निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के कुशल निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी रुधौली अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। प्रभारी निरीक्षक रुधौली संजय कुमार दुबे, साइबर प्रभारी उप निरीक्षक एजाज अहमद तथा साइबर सेल कर्मियों कांस्टेबल सर्वदानन्द यादव और सतीश चंद्र ने तकनीकी माध्यमों से कार्रवाई करते हुए ठगी की धनराशि को लीन (होल्ड) कराया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप ठगी की पूरी धनराशि ₹31,000 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। रकम वापस मिलने पर इरशाद अहमद ने बस्ती पुलिस का धन्यवाद किया और साइबर अपराध के मामले में की गई त्वरित कार्रवाई की भूरि-भूरि प्रशंसा की।