प्रयागराज, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (स्पेशल टीईटी) के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन प्रक्रिया पांच सितंबर 2026 से शुरू की जाएगी। अभ्यर्थी चार अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे, जबकि ऑनलाइन आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर निर्धारित की गई है। विशेष टीईटी की परीक्षा तीन नवंबर 2026 को आयोजित होगी।आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि उच्चतम न्यायालय द्वारा सिविल अपील संख्या 1385/2025 एवं पुनर्विचार याचिका डायरी संख्या 53434/2025 में 29 मई 2026 को पारित आदेश के कारण बड़ी संख्या में शिक्षकों के प्रभावित होने के दृष्टिगत शासन के दो सितंबर 2026 के निर्देशों के क्रम में विशेष अध्यापक पात्रता परीक्षा का विज्ञापन संख्या 03/2026 जारी किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि परीक्षा में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर पर कार्यरत शिक्षकों तथा विशेष शिक्षकों (सीडब्ल्यूएसएन) के लिए आवेदन का अवसर उपलब्ध कराया गया है। इच्छुक अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) व्यवस्था लागू की गई है। अभ्यर्थियों को विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन करने से पहले ओटीआर की प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य होगा।आयोग के उप सचिव ने बताया कि विशेष टीईटी का विस्तृत विज्ञापन और निर्देश पुस्तिका आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। निर्धारित अर्हता पूरी करने वाले इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया शुरू करने से पहले विस्तृत विज्ञापन एवं निर्देश पुस्तिका का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने की सलाह दी गई है। इसके बाद पांच सितंबर से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में भाग लिया जा सकेगा।विशेष टीईटी के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखना होगा। ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि चार अक्टूबर तथा आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है। परीक्षा तीन नवंबर को आयोजित की जाएगी।