महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या । पूरा ब्लॉक क्षेत्र रविवार को देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। ब्लॉक प्रमुख संघ के अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक विशाल भारत शौर्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसका उद्देश्य भारतीय सेना के अदम्य साहस और बलिदान को नमन करना था। इस भव्य यात्रा में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आम नागरिक उमड़े, जिन्होंने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से पूरे वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
इसी क्रम में, महिला मोर्चा द्वारा एक विशेष सिंदूर तिरंगा यात्रा का भी आयोजन किया गया। इस अनूठी पहल में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने देशप्रेम का अटूट संदेश दिया।
यह तिरंगा यात्रा पूरा ब्लॉक से आरंभ होकर बच्चू इंटर कॉलेज तक पहुँची, जहाँ इसका समापन हुआ। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने देशभक्ति के जज्बे को सराहा और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। गोसाईगंज विधायक अभय सिंह, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव और पूर्व जिला पंचायत सदस्य दीपू सिंह जैसे प्रमुख नेताओं ने भी इस यात्रा में सक्रिय रूप से भाग लिया और नागरिकों का उत्साहवर्धन किया। इस भव्य तिरंगा यात्रा और सिंदूर यात्रा ने अयोध्या के पूरे ब्लॉक में देशभक्ति की एक नई लहर पैदा कर दी, जो युवाओं और नागरिकों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों को याद दिलाती है।