मृदा स्वास्थ्य कार्ड अभियान का हुआ शुभारंभ

लखनऊ कृषि निदेशालय, उत्तर प्रदेश द्वारा खरीफ 2025 सत्र के लिए मृदा स्वास्थ्य कार्ड कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। भारत सरकार द्वारा विकसित मोबाइल ऐप के माध्यम से मृदा नमूना संग्रहण हेतु यह अभियान लखनऊ मण्डल सहित प्रदेश के सभी विकासखण्डों में संचालित किया जा रहा है।कार्यक्रम के तहत चयनित 16520 ग्राम पंचायतों में 21 अप्रैल, 25 अप्रैल, 29 अप्रैल तथा 5 मई 2025 को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन तिथियों में लक्षित ग्राम पंचायतों से रैण्डम आधार पर प्रति पंचायत 100 मृदा नमूनों का संग्रहण कर उनका विश्लेषण किया जाएगा। इसके आधार पर संबंधित कृषकों को निःशुल्क मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किए जाएंगे।सहायक निदेशक, मृदा परीक्षण व कल्चर, डॉ. मनमोहन लाल ने जानकारी दी कि यह पहल किसानों को उनकी भूमि की उर्वराशक्ति की वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने मण्डल की चयनित ग्राम पंचायतों के कृषकों से अपील की है कि वे अपने गांव में नियुक्त कृषि विभाग के कार्मिकों और कृषि सखियों के साथ सक्रिय सहभागिता करें और मोबाइल ऐप के माध्यम से मृदा नमूना संग्रहण में सहयोग प्रदान करें।उन्होंने कहा कि मृदा स्वास्थ्य कार्ड से किसानों को उनकी भूमि की पोषक तत्व आवश्यकताओं की सटीक जानकारी मिलेगी, जिससे वे संतुलित उर्वरक उपयोग कर उत्पादन बढ़ा सकते हैं और खेती की लागत घटा सकते हैं। यह अभियान प्रदेश में सतत और लाभकारी कृषि प्रणाली की दिशा में एक अहम प्रयास है।