अचानक बदले मौसम से बढ़ी किसानों की चिंता

आंधी और वर्षा से गेंहू व सरसों को फसल प्रभावित
आसमान में छाए बादल, गेंहू की मड़ाई पिछड़ी
बस्ती: बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली। रात में तकरीबन एक बजे आसमान में घने बादल छा गए और धूल भरी आंधी के साथ वर्षा हुई। गुरुवार को दिन में 11 बजे फिर एक बार तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, बदले मौसम से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं आंधी व वर्षा से मौसम परिवर्तन ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पककर तैयार गेंहू व सरसों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। गेंहू की कटाई चल रही है। वर्षा के कारण फसलों के खराब होने का खतरा बढ़ गया है। गुरुवार को भी मौसम ने करवट ली। आसमान में घने बादल छा गए और धूल भरी आंधी के साथ वर्षा हुई। तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे उमस और गर्मी से परेशान लोगों को थोड़ी राहत मिली।

सुबह से ही बादल छाए रहे। दिन में 11 बजे आंधी के बूंदाबांदी शुरू हुई। फिर तेज वर्षा और हवाएं चलीं।तकरीबन 20-25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली पछुआ हवाओं ने दिन के तापमान को लगभग 10 डिग्री सेल्सियस तक गिराया जिससे लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई। मौसम विद का मानना है कि मौसम परिवर्तन से अल्पकालिक राहत, फिर तापमान बढ़ेगा। यह बदलाव ज्यादा समय तक नहीं टिकने वाला है। बेमौसम वर्षा से रुधौली, भानपुर, हर्रैया, विक्रमजोत, लालगंज, सोनहा, मुंडेरवा, कलवारी, कुदरहा, छावनी, गौर, पैकोलिया, गोटवा, कप्तानगंज क्षेत्र पूरी तरह से प्रभावित रहा।