अयोध्या रामनवमी के रंग में डूबी, रंग महल में विशेष उल्लास

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या । मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव, रामनवमी के पावन अवसर पर अयोध्या नगरी भक्ति और उल्लास के सागर में गोते लगा रही है। “भय प्रगट कृपाला, दीन दयाला, कौशल्या हितकारी” की मधुर ध्वनि पूरे नगर में गूंज रही है और प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव की धूम हर ओर दिखाई दे रही है।
नगर के मठ-मंदिरों में भव्य आयोजन किए जा रहे हैं, जिनमें श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। विशेष रूप से राम मंदिर के निकट स्थित ऐतिहासिक रंग महल में राम जन्मोत्सव का उत्साह देखते ही बन रहा है। यह वही पवित्र स्थल है, जिसके बारे में मान्यता है कि प्रभु श्रीराम अपने बाल्यकाल में यहां होली खेला करते थे।
रंग महल के महंत रामशरण दास जी महाराज ने इस अवसर पर बताया कि यह स्थल प्रभु की दिव्य लीलाओं से जुड़ा हुआ है, जिसके कारण इसका महत्व और भी अधिक बढ़ जाता है। उन्होंने जानकारी दी कि रंग महल में रामनवमी के उपलक्ष्य में नवदिवसीय रामचरितमानस का अखंड पाठ, राम रक्षा स्तोत्र तथा दुर्गा सप्तशती के पाठ का विशेष आयोजन किया गया है।
प्रभु के जन्म की शुभ घड़ी नजदीक आते ही मंदिर परिसर में भजन, कीर्तन और बधाई गीतों की मधुर गूंज सुनाई देने लगी, जिससे भक्तिभाव और उल्लास का एक अद्भुत संगम देखने को मिला। दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रंग महल में उमड़ पड़ी है, जहां भक्तगण प्रभु श्रीराम के जयकारों के साथ उनके जन्मोत्सव का आनंद ले रहे हैं।
वर्तमान में अयोध्या नगरी दिव्य ज्योति और भक्ति की एक अनुपम छटा बिखेर रही है, जो हर आगंतुक को शांति और आनंद से सराबोर कर रही है। रामनवमी का यह पावन पर्व अयोध्यावासियों और यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया है।