Basti
बस्ती: हर्रैया के कुचेला गांव में बुधवार की भोर में करीब पांच बजे अपने ही घर में एक किशोरी की रहस्यमय हालत में मृत्यु हो गई। पुलिस को भनक नहीं लगी और आनन-फानन में स्वजन ने शव को जला दिया। काफी देर से जानकारी होने पर पुलिस पहुंची तो हाथ मलती रही गई। घटना का कारण अभी सामने नहीं आ सका है।
16 वर्षीय बेबी पुत्री गिल्लू मंगलवार की रात खाना खाकर अपने कमरे में अकेले सो रही थी। भोर में संदिग्ध हालत में मृत पाई गई। उसने खुदकुशी की है या करंट लगने से मरी है या अन्य किसी कारण से उसकी हत्या कर दी गई। यह अभी रहस्य बना हुआ है। स्वजन शव तपसी धाम आश्रम के निकट मनोरमा नटी के तट पर अंतिम संस्कार कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर वालों से घटना की जानकारी लेकर छानबीन शुरू कर दी है। छात्रा की मां श्यामकली का रो-रो बुरा हाल है। घटना के बारे में वह कुछ बता नहीं पा रही थी। घटना के समय घर में मां और भाई बहन भी थे। पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। वह चार-भाई बहनों में तीसरे नंबर पर थी, दो भाई दिल्ली में नौकरी करते हैं। हर्रैया के नेशनल इंटर कालेज में 10 वीं कक्षा की छात्रा थीं। प्रभारी निरीक्षक टीडी सिंह ने बताया कि घटना सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी, मृत्यु की वजहों की जांच-पड़ताल की जा रही है। अभी तक किसी ने कोई तहरीर भी नहीं दी है।