लखनऊ में बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

लखनऊक्षके सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में बैटरी चोरी की बढ़ती घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह स्कूल और अन्य स्थानों से बैटरियां चुराकर उन्हें बेचने का काम करता था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक चोरी की बैटरी भी बरामद की है, जबकि एक अन्य बैटरी पहले ही बेची जा चुकी थी।घटना 15 मार्च 2025 की है, जब नरहरखेड़ा निवासी मंदीप ने शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात चोरों ने के.डी. पब्लिक स्कूल से एक्साइड कंपनी की दो बैटरियां चोरी कर ली हैं। इस मामले की जांच में पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू किया। 16 मार्च को पुलिस टीम अलखनंदा चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी में शामिल युवक धोधनखेड़ा चौराहे पर बैटरी बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने वहां दबिश दी और मौके से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कल्लू उर्फ बाजीद अली नवाब, अरुण कुमार, नन्हेश और पंडित अनुज कुमार शर्मा के रूप में हुई है। पूछताछ में इन लोगों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 13 मार्च की रात स्कूल से बैटरियां चुराई थीं। इनमें से एक बैटरी उन्होंने पहले ही बेच दी थी, जबकि दूसरी बैटरी बेचने की कोशिश के दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने यह भी बताया कि वे चोरी के पैसों से अपने शौक पूरे करते थे।इस पूरे मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है और इन्होंने और किन-किन स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस की इस सफलता को अपराधियों पर बड़ी चोट माना जा रहा है, जिससे भविष्य में इस तरह की वारदातों पर अंकुश लगने की संभावना है।